दिल्ली: गेस्ट हाउस में व्यक्ति ने फंदा लगाकर खुदकुशी की

Ads

दिल्ली: गेस्ट हाउस में व्यक्ति ने फंदा लगाकर खुदकुशी की

  •  
  • Publish Date - April 16, 2026 / 09:38 PM IST,
    Updated On - April 16, 2026 / 09:38 PM IST

नयी दिल्ली, 16 अप्रैल (भाषा) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी इलाके में एक गेस्ट हाउस में 28 वर्षीय व्यक्ति का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि जिस व्यक्ति का शव बरामद किया गया, वह एक महिला के साथ यहां ठहरने आया था और दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया।

पुलिस के अनुसार, कालकाजी थाने में बुधवार रात करीब 8.41 बजे आत्महत्या के संबंध में सूचना मिली।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह व्यक्ति अपराह्न करीब तीन बजे अपने इलाके में रहने वाली 24 वर्षीय महिला के साथ गेस्ट हाउस में आया था।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दोनों के बीच पिछले नौ वर्षों से प्रेम प्रसंग था।

पुलिस ने बताया कि कमरे में दोनों के बीच बहस हो गई जिसके बाद उनके बीच मामूली हाथापाई हुई। इसने कहा कि जब महिला सो गई, तो पुरुष ने कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

अधिकारी ने कहा, ‘‘रात करीब 8.30 बजे जब महिला की नींद खुली तो उसने व्यक्ति को कमरे में फंदे से लटका देखा। उसने तुरंत दरवाजा खोला और शोर मचाया, जिसके बाद गेस्ट हाउस के कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी।’’

घटनास्थल पर जांच टीम को बुलाया गया और साक्ष्य एकत्र किए गए। शव पर बाहरी चोट का कोई निशान नहीं मिला।

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच से पता चलता है कि घटना के समय व्यक्ति किसी नशीले पदार्थ के प्रभाव में था।

इसने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है तथा प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है।

भाषा नोमान नोमान नेत्रपाल

नेत्रपाल