नयी दिल्ली, 15 सितंबर (भाषा) दिल्ली के बवाना में बंदूक का भय दिखाकर हाल ही में हुई जबरन वसूली की घटना समेत कई जघन्य अपराधों में कथित रूप से शामिल एक वांछित अपराधी शालीमार बाग में पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक बवाना मामले में फरार चल रहे सुहैल उर्फ कैफ ने छापेमारी कर रही टीम पर गोलीबारी की और पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई।
उन्होंने बताया कि सुहैल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस उपायुक्त (बाहरी-उत्तरी दिल्ली) हरेश्वर स्वामी ने कहा, ‘‘ 26 अगस्त को विवेक गुप्ता से बवाना में उनकी फैक्टरी के पास उनके दोस्त आकाश ने करण उर्फ बादशाह और सुहैल उर्फ कैफ के साथ मिलकर कथित तौर पर 2.57 लाख रुपये लूट लिए थे।’’
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने विवेक को बंदूक का भय दिखाकर उनसे 2.04 लाख रुपये नकद देने के अलावा ऑनलाइन भुगतान एप्लीकेशन के माध्यम से 53,000 रुपये हस्तांतरित करने के लिए मजबूर किया।
इस घटना के सिलसिले में नरेला औद्योगिक क्षेत्र पुलिस थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई तथा जांच के दौरान, आकाश और करण को गिरफ्तार कर लिया गया और उनके पास से 39,500 रुपये बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि लगातार पूछताछ और तकनीकी निगरानी के ज़रिए सुहैल की भूमिका भी सामने आई।
पुलिस उपायुक्त ने कहा, ‘‘15 सितंबर को, सुहैल के शालीमार बाग में होने की सूचना मिली थी। पुलिस की एक टीम ने इलाके में छापा मारा। चारों ओर से घिरने पर, सुहैल ने पुलिस पर गोली चला दी और जवाबी गोलीबारी में वह घायल हो गया। ’’
पुलिस ने बताया कि बाद में सुहैल की पहचान बवाना जबरन वसूली मामले में वांछित आरोपी के रूप में हुई और वह सुल्तानपुरी में 17 वर्षीय लड़की के अपहरण के मामले में भी वांछित पाया गया।
भाषा रवि कांत रवि कांत माधव
माधव