दिल्ली के महापौर ने साकेत में इमारत ढहने के मामले की विस्तृत जांच का आश्वासन दिया

Ads

दिल्ली के महापौर ने साकेत में इमारत ढहने के मामले की विस्तृत जांच का आश्वासन दिया

  •  
  • Publish Date - June 2, 2026 / 07:32 PM IST,
    Updated On - June 2, 2026 / 07:32 PM IST

नयी दिल्ली, दो जून (भाषा) दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने मंगलवार को कहा कि साकेत में इमारत ढहने की घटना में लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है और इस हादसे की विस्तृत जांच कराई जाएगी।

वाही ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “यह एक दुखद घटना थी। हादसे के बाद हमने जिम्मेदार लोगों को निलंबित कर दिया है और लापरवाही में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। ऐसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और मामले की गहन जांच कराई जाएगी।”

जब उनसे यह पूछा गया कि क्या वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी, तो उन्होंने कहा, “वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ भी निश्चित रूप से कार्रवाई होगी।”

वाही ने कहा, “ये घनी आबादी वाले क्षेत्र हैं, जहां जनसंख्या का घनत्व बहुत अधिक है। ऐसे में आशंका है कि भवन निर्माण नियमों का उल्लंघन किया गया हो।” उन्होंने कहा कि इंजीनियरों को ऐसे अवैध भवनों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

महापौर ने कहा कि सभी 12 जोन में अवैध भवनों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

यह बताए जाने पर कि केवल कनिष्ठ अभियंताओं (जूनियर इंजीनियरों) को निलंबित किया गया है और वरिष्ठ अधिकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है, वाही ने कहा, “यदि मामले में वरिष्ठ अधिकारियों की संलिप्तता का पता चला तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।”

भाषा जोहेब अविनाश

अविनाश