दिल्ली: लूटपाट के प्रयास में नाबालिग की चाकू मारकर हत्या; तीन नाबालिग पकड़े गए

Ads

दिल्ली: लूटपाट के प्रयास में नाबालिग की चाकू मारकर हत्या; तीन नाबालिग पकड़े गए

  •  
  • Publish Date - March 26, 2026 / 09:13 PM IST,
    Updated On - March 26, 2026 / 09:13 PM IST

नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) बाहरी-उत्तरी दिल्ली के बवाना इलाके में लूटपाट की कोशिश के दौरान 17 वर्षीय लड़के की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि इस मामले में तीन नाबालिगों को पकड़ा गया है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 25 मार्च की रात बवाना में हुई जब पीड़ित प्रमोद अपने दोस्त मोनिस अली के साथ घर लौट रहा था, तभी तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें रोका और 2,000 रुपये की मांग की।

अधिकारी ने बताया कि जब उन्होंने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो उनके बीच बहस शुरू हो गई।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘हाथापाई के दौरान, हमलावरों में से एक ने चाकू निकाला और प्रमोद की गर्दन पर वार कर दिया और वहां से फरार हो गए।’

पुलिस ने बताया कि घायल को पूठ खुर्द स्थित महर्षि वाल्मीकि अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस संबंध में बवाना थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया, तकनीकी जानकारी पर काम किया और स्थानीय खुफिया जानकारी जुटाई।

अधिकारी ने कहा, ‘कुछ ही घंटों के भीतर, अपराध में शामिल तीनों नाबालिगों का पता लगा लिया गया और उन्हें पकड़ लिया गया।’

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से अपराध में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया गया है।

पकड़े गए नाबालिगों की उम्र 14 से 16 साल के बीच है और वे पास के इलाकों के ही रहने वाले हैं।

पुलिस ने कहा कि इस बात का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है कि क्या आरोपी इसी तरह के अन्य अपराधों में भी शामिल थे।

भाषा नोमान

नोमान नरेश

नरेश