नयी दिल्ली, पांच मार्च (भाषा) दिल्ली यातायात पुलिस ने होली के दौरान समूची राष्ट्रीय राजधानी में चलाए गए एक विशेष अभियान के तहत शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में 1,200 से अधिक वाहन चालकों पर मामला दर्ज किया जिनमें से सबसे अधिक मामले पश्चिमी क्षेत्र से सामने आए हैं। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
यातायात पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को होली उत्सव मनाए जाने के दौरान शराब पीकर गाड़ी चलाने के लिए 1,204 चालान जारी किए जाने के अलावा अन्य यातायात उल्लंघनों के आरोप में कुल 3,725 लोगों पर जुर्माना लगाया गया।
द्वारका, बाहरी और पश्चिमी जिलों सहित पश्चिमी क्षेत्र में गहन प्रवर्तन कार्रवाई की गई और वहां नशे में गाड़ी चलाने के सबसे अधिक 297 मामले दर्ज किए गए।
मध्य क्षेत्र में शराब पीकर गाड़ी चलाने के 257 मामले दर्ज किए गए, जबकि उत्तरी क्षेत्र में 256 मामले दर्ज किए गए। पूर्वी क्षेत्र में 208 मामले और दक्षिणी क्षेत्र में शराब पीकर गाड़ी चलाने के लिए 117 चालान काटे गए। आंकड़ों के अनुसार, नयी दिल्ली क्षेत्र में सबसे कम 69 मामले दर्ज किए गए।
पुलिस ने बताया कि प्रमुख सड़कों और चौराहों पर कई ‘चेकपॉइंट’ स्थापित किए गए थे जहां त्योहार के दौरान सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चालकों के ‘ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट’ (मुंह से छोड़ी गई श्वांस के जरिए अल्कोहल का स्तर मापने वाला परीक्षण) किए गए थे।
शराब पीकर गाड़ी चलाने के अलावा यातायात पुलिस ने होली के विशेष अभियान के दौरान अन्य उल्लंघनों के लिए भी बड़ी संख्या में वाहन चालकों पर मामले दर्ज किए।
यातायात आंकड़ों के अनुसार, सीट बेल्ट पहने बिना गाड़ी चलाना, दोपहिया वाहन पर तीन लोगों का एक साथ सवारी करना, हेलमेट के बिना सवारी करना, खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाना और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने जैसे अपराधों के लिए 3,725 चालान जारी किए गए।
अधिकारियों ने बताया कि होली समारोह के दौरान शराब पीकर गाड़ी चलाने, तेज गति से गाड़ी चलाने और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन की जांच के लिए पूरी दिल्ली में विशेष अभियान के तहत चार मार्च को यह अभियान चलाया गया था।
भाषा सुरभि वैभव
वैभव