नयी दिल्ली, 22 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने बलात्कार एवं यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के एक मामले में भगोड़े आरोपी को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
आरोपी की पहचान 38 वर्षीय रिंकू उर्फ मोनू के रूप में हुई है, जो दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के जाफरपुर कलां का निवासी है और कथित तौर पर 2024 से अदालती कार्यवाही से बच रहा था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि काजीपुर गांव के पास उसकी गतिविधियों की सूचना मिलने पर उसे गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपी जाफरपुर कलां थाने में दर्ज प्राथमिकी के संबंध में वांछित था।
अधिकारी ने बताया, ‘उसे चार अप्रैल, 2025 को द्वारका की एक अदालत द्वारा भगोड़ा अपराधी घोषित किया गया था, क्योंकि वह मामले की कार्यवाही के लिए अदालत में पेश नहीं हुआ था।’
भाषा नोमान नोमान रंजन
रंजन