दिल्ली पुलिस ने भगोड़े मादक पदार्थ तस्कर को किया गिरफ्तार, गिरफ्तारी पर था 20 हजार रुपये का इनाम

Ads

दिल्ली पुलिस ने भगोड़े मादक पदार्थ तस्कर को किया गिरफ्तार, गिरफ्तारी पर था 20 हजार रुपये का इनाम

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 07:29 PM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 07:29 PM IST

नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में भगोड़ा घोषित किए गए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और उसके पास से करीब 50 लाख रुपये मूल्य की 100 ग्राम हेरोइन बरामद की है।

पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि आरोपी की पहचान दिल्ली निवासी 31 वर्षीय विजय के तौर पर हुई है और उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

उन्होंने बताया कि अपराध शाखा के स्वापक रोधी कार्यबल (एएनटीएफ) की टीम ने पिछले साल अप्रैल में पुष्पा और आवेश उर्फ बिट्टू नामक दो व्यक्तियों को उनके पास से 512 ग्राम मादक पदार्थ बरामद होने के बाद गिरफ्तार किया था और इस बाबत अपराध शाखा थाने में भारतीय न्याय संहिता व एनडीपीएस कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में पुष्पा के दामाद अक्षय तथा विजय, कुसुम और राहुल उर्फ काकू के नाम सामने आए थे तथा कुछ दिन बाद अक्षय और राहुल के साथी अवतार सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अन्य को भगोड़ा घोषित कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि राहुल की गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया।

एएनटीएफ के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राहुल अलवल ने एक बयान में कहा कि सोमवार को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी विजय किसी से मिलने के लिए एक कार में नारायणा की तरफ आएगा।

उन्होंने बताया कि इसके बाद टीम ने आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से 100 ग्राम हेरोइन बरामद की।

डीसीपी के मुताबिक, पूछताछ में विजय ने बताया कि वह बरेली से हेरोइन की तस्करी करता था और पुष्पा और अक्षय को सीधे या अवतार सिंह उर्फ रिकी के माध्यम से इसकी आपूर्ति करता था और रिकी की गिरफ्तारी के बाद, वह फरार हो गया और अपना ठिकाना बदलता रहा।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में कुल 612 ग्राम प्रतिबंधित हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब तीन करोड़ रुपये है।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में समूची आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने और इसमें शामिल लोगों को पकड़ने के लिए जांच जारी है।

भाषा नोमान नोमान दिलीप

दिलीप