दिल्ली पुलिस ने अंतरराज्यीय हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया, 10 पिस्तौल बरामद
दिल्ली पुलिस ने अंतरराज्यीय हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया, 10 पिस्तौल बरामद
नयी दिल्ली, 20 अगस्त (भाषा) दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने एक अंतरराज्यीय हथियार तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10 अवैध पिस्तौल बरामद कीं। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी प्रेम सिंह राठौड़ (33) मध्य प्रदेश के बुरहानपुर से संचालित एक गिरोह के लिए हथियारों को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने वाले व्यक्ति के रूप में काम कर रहा था।
उन्होंने कहा कि वह दिल्ली-एनसीआर और अन्य राज्यों में आपराधिक गिरोहों और अन्य खरीदारों को पिस्तौलों की आपूर्ति कर रहा था।
अधिकारी ने बताया कि राठौड़ को आठ अगस्त को राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर शंकर विहार बस स्टैंड के पास से तब गिरफ्तार किया गया, जब वह हथियारों की खेप पहुंचाने जा रहा था। उन्होंने बताया कि उसकी तलाशी के दौरान 10 पिस्तौलें बरामद की गई।
पुलिस ने कहा कि बरामद हथियारों में 9-एमएम की एक जिगाना पिस्तौल, 7.65-एमएम की चार अर्द्धस्वाचलित पिस्तौल और 315-बोर की पांच सिंगल-शॉट पिस्तौल शामिल हैं।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि एक टीम ने गिरोह के बारे में खुफिया जानकारी जुटाई जिसके बाद जाल बिछाया।
विशेष प्रकोष्ठ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है और आगे की जांच की जा रही है।
पूछताछ के दौरान, राठौड़ ने खुलासा किया कि वह लगभग एक साल से गिरोह के लिए हथियार को लाने-जाने का काम कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, गिरोह बुरहानपुर और आसपास के इलाकों में स्थानीय तौर पर अवैध हथियार बनाने वालों से पिस्तौलें खरीदकर उन्हें दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और उत्तर प्रदेश में गैंगस्टर और खरीदारों तक पहुंचाता था और हथियारों को ले जाने के लिए व्यक्ति रखे हुए थे।
पुलिस ने कहा कि गिरोह में शामिल होने से पहले राठौड़ छोटा किसान था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरोह के कथित सरगना और अन्य सदस्यों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
भाषा नोमान
नोमान अविनाश प्रशांत
प्रशांत

Facebook


