दिल्ली पुलिस ने महिला के नाम पर फर्जी अकाउंट बनाने के आरोप में युवक को गिरफ्तार किया

Ads

दिल्ली पुलिस ने महिला के नाम पर फर्जी अकाउंट बनाने के आरोप में युवक को गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - August 26, 2026 / 03:20 PM IST,
    Updated On - August 26, 2026 / 03:20 PM IST

नयी दिल्ली, 26 अगस्त (भाषा) दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर एक महिला के नाम पर फर्जी अकाउंट बनाकर उसके पति और परिचितों को अश्लील सामग्री भेजने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी के बनाए एक अकाउंट की शिकायत कर उसे हटवा दिया गया, तो उसने कथित तौर पर नये अकाउंट बनाए, जिससे महिला को लंबे समय तक मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ा।

उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान न्यू अशोक नगर निवासी 27 वर्षीय जीतू कुमार के तौर पर हुई है।

पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की।

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राहुल अलवल ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने इन अकाउंट का विवरण प्राप्त किया और तकनीकी विश्लेषण किया।

उन्होंने बताया कि जांच से पता चला कि अकाउंट कुमार के नाम पर पंजीकृत एक मोबाइल नंबर का इस्तेमाल करके बनाए गए थे, जिसके बाद एक पुलिस टीम ने छापेमारी की और उसे पकड़ लिया।

पुलिस ने कहा कि कुमार के कब्जे से अपराध में कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान कुमार ने कहा कि वह पीड़िता को जानता था और 2022 से उसका पीछा कर रहा था।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि कुमार ने उसके नाम और तस्वीर का इस्तेमाल करके कई फर्जी अकाउंट बनाए और फिर इन अकाउंट से उसके परिचित लोगों को अश्लील वीडियो भेजे।

भाषा

नोमान नोमान पारुल

पारुल