नयी दिल्ली, 14 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने ‘म्यूल’ (कमीशन पर मिलने वाले) खाता गिरोह से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और आरोप है कि उन्होंने साइबर ठगी से हासिल डेढ़ करोड़ रुपये कई चरणों में इधर-उधर किए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान दीपक (32), कृष्ण प्रताप सिंह (28) और शशि कांत (28) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, एक अभियान के दौरान अलग अलग राज्यों में साइबर ठगी की कई शिकायतों से संबंधित एक बैंक खाते का पता चलने के बाद इस गिरोह का पर्दाफाश हुआ।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘तकनीकी विश्लेषण और लेनदेन की निगरानी से पता चला कि इस खाते का इस्तेमाल एक संगठित गिरोह द्वारा ठगी के पैसे को प्राप्त करने और उसे दूसरी जगह भेजने के लिए किया जा रहा था। खाते के माध्यम से भेजी गई कुल राशि 1.5 करोड़ रुपये से अधिक पाई गई।’
उनके मुताबिक, जांच के दौरान, एक आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार किया गया, जिसने ‘म्यूल’ खातों की व्यवस्था करने और उन्हें संचालित करने में अपने सहयोगियों की संलिप्तता का खुलासा किया। इसके बाद, दो और लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर बेरोजगार व्यक्तियों को निशाना बनाया और उन्हें कमीशन का लालच देकर बैंक खाते खुलवाए।
मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान
नोमान माधव
माधव