दिल्ली पुलिस ने नरेन्द्र गिरोह के दो गुर्गों को गिरफ्तार किया

Ads

दिल्ली पुलिस ने नरेन्द्र गिरोह के दो गुर्गों को गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - April 14, 2026 / 01:15 PM IST,
    Updated On - April 14, 2026 / 01:15 PM IST

नयी दिल्ली, 14 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने जहांगीरपुरी इलाके में सक्रिय ‘नरेन्द्र गिरोह’ के दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रणधीर उर्फ विजय (25) और परवेश उर्फ मोहम्मद दानिश (28) के रूप में हुई है। उनके मुताबिक, दोनों आरोपी पहले भी लूट, डकैती जैसे कई आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं।

अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पंकज कुमार ने बताया कि एक गुप्त सूचना मिली थी कि नरेन्द्र गिरोह के दो सदस्य भलस्वा झील के पास लूट की वारदात को अंजाम देने आने वाले हैं जिसके बाद पुलिस टीम ने एक अभियान में दोनों को पकड़ लिया।

कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी परवेश ने खुलासा किया कि वह उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी योगेश उर्फ सचिन से अवैध रूप से 30-35 हजार रुपये में पिस्तौल और 10 हजार में देसी कट्टे खरीदता था और इनकी आपूर्ति नरेन्द्र गिरोह के सदस्यों को करता था और खुद भी दिल्ली में लूटपाट के लिए इनका इस्तेमाल करता था।

अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों के पास से एक अर्द्ध स्वचालित पिस्तौल, एक देसी कट्टा और चार कारतूस बरामद किए गए हैं।

इस संबंध में अपराध शाखा थाने में शस्त्र कानून की संबंधित धाराओं के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की जांच जारी है।

कुमार के अनुसार, आरोपी परवेश के खिलाफ दिल्ली और उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर में सात मामले दर्ज हैं। वहीं, रणधीर के खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी, झपटमारी और शस्त्र कानून के आठ मामले दर्ज हैं।

भाषा नोमान वैभव अमित

अमित