दिल्ली पुलिस ने चीनी मांझा गिरोह का भंडाफोड़ किया, दो व्यक्ति गिरफ्तार

Ads

दिल्ली पुलिस ने चीनी मांझा गिरोह का भंडाफोड़ किया, दो व्यक्ति गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 24, 2026 / 05:18 PM IST,
    Updated On - May 24, 2026 / 05:18 PM IST

नयी दिल्ली, 24 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने प्रतिबंधित कृत्रिम मांझे की 2,040 गिट्टा (रील) उत्तम नगर इलाके से बरामद कर अवैध चीनी मांझा कारोबार का भंडाफोड़ किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, त्योहारों पर पतंगबाजी के दौरान खतरनाक कृत्रिम मांझे से जुड़े हादसों में बढ़ोतरी हुई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान शंकी सिंघल उर्फ कालू (36) और मनमोहन (52) के रूप में हुई है। दोनों उत्तम नगर के निवासी हैं।

पुलिस के अनुसार, अपराध शाखा ने उत्तम नगर के हनुमान मार्केट में प्रतिबंधित चीनी मांझा का भंडारण किए जाने की सूचना मिलने पर यह कार्रवाई की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने बाजार में भूतल स्थित एक परिसर से 34 कार्टन बरामद किए।

अधिकारी ने कहा, ‘‘प्रतिबंधित मांझा का भंडारण स्वतंत्रता दिवस के दौरान पतंगबाजी से पहले बिक्री के लिए किया गया था। पूछताछ में शैंकी ने बताया कि उसने त्योहारों के दौरान जल्द मुनाफा कमाने के लिए यह खेप उत्तम नगर के थोक पतंग कारोबारी मनमोहन से खरीदी थी।’’

इसके बाद पुलिस ने मनमोहन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि अधिक मांग और मुनाफे के कारण उसने प्रतिबंधित कृत्रिम मांझे की खरीद-बिक्री की।

पुलिस के अनुसार, शैंकी 2018 में उत्तम नगर थाने में दर्ज मारपीट और पॉक्सो (यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण) अधिनियम से जुड़े मामले में शामिल रहा है, जबकि मनमोहन 2023 में बिंदापुर थाने में दर्ज एक मामले में आरोपी है।

भाषा राखी सुभाष

सुभाष