दिल्ली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया

Ads

दिल्ली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया

  •  
  • Publish Date - April 11, 2026 / 08:16 PM IST,
    Updated On - April 11, 2026 / 08:16 PM IST

नयी दिल्ली, 11 अप्रैल (भाषा) दिल्ली और बिहार के बीच मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक सक्रिय अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने कथित मुख्य आपूर्तिकर्ता को बिहार के मधेपुरा से गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि नियमित गश्त के दौरान मोहम्मद अली नामक एक व्यक्ति को पकड़ा गया, जो कथित तौर पर स्मैक का सेवन कर रहा था।

पुलिस के अनुसार इसके बाद 24 मार्च को हौज काजी थाने में मामला दर्ज करके जांच शुरू की गई और मुख्य आपूर्तिकर्ता को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ के दौरान अली ने खुलासा किया कि उसने यह प्रतिबंधित पदार्थ पहाड़गंज में सक्रिय सोनू नामक एक आपूर्तिकर्ता से खरीदा था।

अधिकारी ने कहा, ‘‘इस सूचना के आधार पर पुलिस ने तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने के लिए एक व्यापक अभियान चलाया।’’

पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचनाओं के आधार पर 27 मार्च को तोडापुर इलाके से तीन लोगों विनोद कुमार, सोनू कुमार मंडल और संजीत कुमार को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से आठ किलोग्राम से अधिक गांजा और 10 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार जांच में पता चला कि प्रतिबंधित सामग्री दिल्ली और बिहार दोनों जगहों से मंगाई जा रही थी। इसी आधार पर पुलिस ने रघुबीर नगर में छापेमारी की और सुरेन्द्र प्रसाद को गिरफ्तार कर उसके पास से 10.66 ग्राम हेरोइन बरामद की।

अधिकारी ने कहा, ‘‘पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि बिहार से 5,000-6,000 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से गांजा मंगवाया जा रहा था और दिल्ली में 12,000-13,000 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेचा जा रहा था, जो एक अंतरराज्यीय नेटवर्क का संकेत देता है।’’

मुख्य आपूर्तिकर्ता का पता लगाने के लिए पुलिस की एक टीम बिहार के मधेपुरा गई और सोमवार को कथित सरगना बंटी कुमार उर्फ ​​लल्लन साह (24) को गिरफ्तार कर लिया।

भाषा यासिर जोहेब

जोहेब