नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मद्देनजर बृहस्पतिवार को पड़ोसी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ एक अंतरराज्यीय बैठक की। पुलिस का मकसद सुरक्षा समन्वय को मजबूत करना और यह सुनिश्चित करना है कि सम्मेलन के दौरान राष्ट्रीय राजधानी में कोई अप्रिय घटना न हो।
शिखर सम्मेलन 11 से 13 सितंबर तक निर्धारित है।
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और चंडीगढ़ के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि बैठक के दौरान, अफसरों ने खुफिया जानकारी साझा की और सीमा पर जांच, यातायात विनियमन और संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों के सत्यापन से संबंधित उपायों पर चर्चा की।
खुले क्षेत्रों से ड्रोन और अन्य उड़ने वाली वस्तुओं की आवाजाही पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने किसी भी संदिग्ध गतिविधि के संबंध में घनिष्ठ समन्वय और समय पर जानकारी साझा करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों या वाहनों की आवाजाही के बारे में पड़ोसी राज्यों को अग्रिम जानकारी देने के महत्व पर जोर दिया।
शिखर सम्मेलन के दौरान लगाए जाने वाले यातायात प्रतिबंधों पर भी चर्चा की गई।
बैठक में दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए, जिनमें कानून व्यवस्था, विशेष प्रकोष्ठ, यातायात, सुरक्षा, अपराध, परिवहन और खुफिया विभाग के विशेष पुलिस आयुक्तों शामिल थे।
आयुक्त कुमार ने इस बात पर भी जोर दिया कि शिखर सम्मेलन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से आम जनता को कम से कम असुविधा होनी चाहिए।
भाषा नोमान
नोमान सुरेश
सुरेश