नयी दिल्ली, 15 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने पहाड़गंज इलाके में एक बार पर छापा मारा जहां आपत्तिजनक नृत्य करते हुए लोग मिले तथा दो लोगों के पास कथित रूप से मादक पदार्थ एमडीएमए भी मिला। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने एक बयान में कहा कि पंचकुइयां रोड पर स्थित एक बार में स्पेशल स्टाफ की एक टीम ने यह कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान पुलिस को कुछ लोग आपत्तिजनक नृत्य करते हुए मिले।
बयान में कहा गया है, ‘जांच करने पर पता चला कि प्रतिष्ठान ऐसी गतिविधियों के लिए आवश्यक लाइसेंस के बिना संचालित हो रहा है।’
पहाड़गंज थाने में मामला दर्ज कर बार के प्रबंधक तस्लीम (42) और अन्य लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
परिसर की तलाशी के दौरान, पुलिस ने बार में मौजूद दो लोगों से संदिग्ध एमडीएमए की थोड़ी मात्रा बरामद की।
बयान में कहा गया है कि बरामदगी के संबंध में एक अलग मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
अधिकारियों ने कहा कि लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन के संबंध में नगर निगम को भी सूचित कर दिया गया है ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
भाषा नोमान नोमान मनीषा
मनीषा