दिल्ली: पुलिस ने कुत्ते की मौत और सुरक्षा गार्ड की पिटाई के संबंध में दो प्राथमिकियां दर्ज कीं

Ads

दिल्ली: पुलिस ने कुत्ते की मौत और सुरक्षा गार्ड की पिटाई के संबंध में दो प्राथमिकियां दर्ज कीं

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 04:07 PM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 04:07 PM IST

नयी दिल्ली, 12 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने पश्चिमी दिल्ली के कीर्ति नगर में एक आवारा कुत्ते की मौत और सुरक्षा गार्ड की पिटाई के मामले में दो प्राथमिकियां दर्ज की हैं। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने कुत्ते को पीट-पीट कर मार डालने के आरोप में सुरक्षा गार्ड के खिलाफ मामला दर्ज किया है जबकि गार्ड को पीटने के आरोप में महिला पशु अधिकार कार्यकर्ता पर भी मुकदमा किया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रमेश नगर निवासी तरुण घई ने आठ मई को कीर्ति नगर थाने में शिकायत दर्ज करायी थी कि विनोद पासवान नामक सुरक्षा गार्ड ने सात मई की शाम कीर्ति नगर के जे. ब्लॉक में एक आवारा कुत्ते पर लोहे की रॉड से हमला किया था।

उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि कुत्ता बुरी तरह घायल हो गया था और उसे इलाज के लिए एक निजी पशु चिकित्सक के पास तथा बाद में नजफगढ़ ले जाया गया।

पुलिस ने बताया कि पासवान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 325 (किसी जानवर को मारने या उसे गंभीर रूप से घायल करने से संबंधित) और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस को यह भी पता चला कि महिला पशु अधिकार कार्यकर्ता ने कीर्ति नगर थाना परिसर के बाहर एक पुलिस अधिकारी के सामने गार्ड की पिटाई की।

इस घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है जिसमें महिला को कीर्ति नगर थाने के बाहर सुरक्षा गार्ड को थप्पड़ मारते हुए देखा जा सकता है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला लगातार गार्ड को थप्पड़ मार रही है और यहां तक कि चप्पलों से भी उसे बार-बार पीट रही है। पीछे एक पुलिस अधिकारी भी खड़ा दिखाई दे रहा है।

पुलिस ने बताया कि पासवान ने बाद में मारपीट के संबंध में महिला और अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने 11 मई को आचार्य भिक्षु अस्पताल में पासवान का मेडिकल परीक्षण कराया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने महिला और अन्य लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(1) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) और 126 (गलत तरीके से रोकना) के तहत अन्य प्राथमिकी दर्ज की है।

इससे पहले पुलिस ने बताया था कि गार्ड ने हमले के संबंध में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।

अधिकारी ने कहा कि दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है।

भाषा नोमान

नोमान नरेश

नरेश