पदोन्नति परीक्षा का परिणाम आईबीपीएस के समान होने का हलफनामा दाखिल किया जाए: सीआईसी

Ads

पदोन्नति परीक्षा का परिणाम आईबीपीएस के समान होने का हलफनामा दाखिल किया जाए: सीआईसी

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 05:07 PM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 05:07 PM IST

नयी दिल्ली, 12 मई (भाषा) केंद्रीय सूचना आयोग (सीआईसी) ने भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) को एक हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है जिसमें यह पुष्टि की जाए कि विभागीय पदोन्नति परीक्षा के लिए प्रकाशित परिणाम, परीक्षा आयोजित करने वाले बैंकिंग कार्मिक चयन संस्थान (आईबीपीएस) द्वारा प्रदान किए गए परिणाम के समान था।

यह निर्देश मई 2023 में आईबीपीएस के माध्यम से आयोजित एफसीआई नॉर्थ जोन श्रेणी-दो सीमित विभागीय पदोन्नति परीक्षा (एलडीपीई) के विवरण मांगने वाले आवेदन से संबंधित दूसरी अपील की सुनवाई के दौरान आया। एफसीआई ने इस मामले में पासवर्ड से सुरक्षित परिणाम फाइल तक पहुंच प्रदान करने से इनकार कर दिया था।

आवेदक ने परीक्षा परिणाम की पासवर्ड-सुरक्षित सॉफ्ट कॉपी, आईबीपीएस के एक अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता द्वारा प्रमाणित पासवर्ड, उम्मीदवारों द्वारा प्राप्त अंकों का विवरण और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े अन्य रिकॉर्ड मांगे थे।

एफसीआई ने इसे देने से इनकार कर दिया और कहा कि पासवर्ड संवेदनशील जानकारी है और इसका खुलासा नहीं किया जा सकता।

सुनवाई के दौरान, एफसीआई ने यह भी कहा कि आईबीपीएस के साथ हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन के तहत, एसएफटीपी (सिक्योर फाइल ट्रांसफर प्रोटोकॉल) सर्वर के माध्यम से साझा की गई परिणाम फाइल को परिणाम प्रकाशित होने के 10 दिन बाद हटा दिया गया था।

अपीलकर्ता ने तर्क दिया कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता को सत्यापित करने के लिए जानकारी मांगी गई थी।

कार्यवाही के दौरान, आयोग ने पूछा कि क्या एफसीआई की वेबसाइट पर अपलोड किया गया परिणाम आईबीपीएस द्वारा उपलब्ध कराए गए परिणाम से मेल खाता है।

जवाब में, एफसीआई अधिकारियों ने आयोग को बताया कि दोनों परिणाम प्रतियों में ‘कोई बदलाव या अंतर’ नहीं है।

इस बात को ध्यान में रखते हुए, आयोग ने एफसीआई को 15 दिन के भीतर एक हलफनामा प्रस्तुत करने का निर्देश दिया जिसमें स्पष्ट रूप से कहा गया हो कि ‘‘उनके द्वारा वेबसाइट पर प्रकाशित परिणाम आईबीपीएस द्वारा उपलब्ध कराई गई परिणाम प्रति के समान है’’।

भाषा वैभव माधव

माधव