Reported By: Shailendra Singh
,Saubhagya Singh Thakur ka Kafila / Image Source : file
भोपाल : Saubhagya Singh Thakur ka Kafila एक तरफ जहां देश के प्रधानमंत्री आम लोगों से गाड़ियों को कम इस्तेमाल करने की बात कर रहे हैं, लोगों से वर्क फ्रॉम होम करने की सलाह दे रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ बीजेपी के नेता ही उनकी इस अपील को नजरअंदाज करते नजर आ रहे हैं। आखिर बीजेपी के नेता उनकी इस अपील का पालन क्यों नहीं कर रहे हैं? और कैसे अपने पदभार ग्रहण के दौरान शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं?
दरअसल इन दिनों मध्य प्रदेश में राजनीतिक नियुक्तियों का दौर जारी है। इन राजनीतिक नियुक्तियों के बाद भाजपा नेता पदभार ग्रहण करने के लिए राजधानी भोपाल पहुंच रहे हैं। अधिकांश नेता शक्ति प्रदर्शन दिखाने के लिए गाड़ियों के काफिले के साथ राजधानी भोपाल पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष बनाए गए सौभाग्य सिंह ठाकुर भी लगभग 500 गाड़ियों का काफिला लेकर उज्जैन से भोपाल पहुंचे।
उनका यह वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो प्रधानमंत्री की अपील को लेकर स्थानीय भाजपा नेताओं पर सवाल उठने लगे कि आखिर बीजेपी के नेता पीएम की सीख का पालन क्यों नहीं कर रहे हैं? कांग्रेस के पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा ने इसको लेकर कहा कि लगता है कि “प्रधानमंत्री की बात अब उनके ही कार्यकर्ता नहीं सुन रहे हैं। इसी के चलते यह लोग काफिले में भोपाल पहुंच रहे हैं। क्या प्रधानमंत्री की हर अपील को मानने का काम केवल आम जनता का है? क्या नेताओं को गाड़ियां कम करके एक मिसाल पेश नहीं करनी चाहिए?”
गौरतलब है कि जब इन काफिलों को लेकर मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री गौतम टेंटवाल से सवाल किया गया तो उन्होंने काफिला होने की बात को पूरी तरह से नकार दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति काफिला लेकर नहीं पहुंच रहा है, बल्कि एक या दो गाड़ियों में ही आ रहे हैं। वह खुद भी एक गाड़ी से ही चल रहे हैं। वीडियो वायरल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रम फैलाने के लिए इस तरह के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करती है।
हालांकि जब यह खबरें मीडिया और सोशल मीडिया के सामने आईं तो नेताओं के तेवर बदले नजर आए। मध्य प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर आज अपने बंगले से मंत्रालय के लिए स्कूटी पर सवारी करते नजर आए। वहीं लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष बनाए गए सत्येंद्र भूषण सिंह ई-रिक्शा से अपने पदभार कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील का पालन सभी को करना चाहिए। जो लोग भी राजनीतिक नियुक्तियों के बाद पदभार ग्रहण करने आ रहे हैं, उन्हें भी इस अपील का पालन करना चाहिए। अब देखना होगा कि आने वाले समय में जो पदाधिकारी अपना पदभार ग्रहण करने के लिए भोपाल पहुंचेंगे, क्या वे प्रधानमंत्री की अपील का पालन करते नजर आएंगे या फिर ऐसे ही काफिलों में आने का सिलसिला बदस्तूर जारी रहेगा।
इन्हे भी पढ़ें:-