नयी दिल्ली, 23 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने मंगोलपुरी और जहांगपुरी इलाकों में एलपीजी सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी में कथित रूप से शामिल दो अलग अलग गिरोह का भंड़ाफोड़ करते हुए 100 से ज्यादा सिलेंडर बरामद किए हैं तथा पांच आरोपियों को पकड़ा है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि विशिष्ट सूचना पर टीम ने मंगोलपुरी के टी-ब्लॉक में पंकज गैस एजेंसी के पास छापेमारी की और 73 सिलेंडर, रिफिलिंग उपकरण, तीन वाहन तथा डिजिटल माप मशीन बरामद कीं।
उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई में पकड़े गए आरोपियों की पहचान संतोष, सचिन कुमार और प्रमोद पाल के तौर पर हुई ।
अधिकारी ने एक बयान में कहा कि इसके अलावा जहांगीरपुरी के महेंद्र पार्क इलाके में एक दुकान में एलपीजी सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी की सूचना मिली जिसके बाद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के एक अधिकारी से साथ मिलकर वहां छापा मारा गया और महेश पाल और गैस एजेंसी का आपूर्तिकर्ता किशन पाल एक साइकिल रिक्शा से सिलेंडरों को दुकान में रखते पाए गए।
पुलिस ने बताया कि यहां से 31 सिलेंडर बरामद किए गए।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पकंज कुमार के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई कि वे गैस एजेंसी से एलपीजी सिलेंडर प्राप्त करने के बाद इनकी आपूर्ति न करके मंगोलपुरी और जहांगीरपुरी में अपने वाहनों में अवैध रूप से जमा कर रहे थे और भरे सिलेंडरों से खाली सिलेंडरों में गैस भरते थे और फिर उन्हें बाजार में बेच देते थे।
उन्होंने बताया कि दोनों मामलों कुल 104 सिलेंडरों की बरामदगी हुई है जिनमें से 73 भारत गैस और 31 इंडेन गैस के सिलेंडर हैं।
अधिकारी ने बताया कि दोनों मामलों में कुल पांच आरोपियों को पकड़ा गया है तथा अपराध शाखा थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
भाषा नोमान
नोमान माधव
माधव