दिल्ली पुलिस ने छह करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन जब्त की, तस्कर गिरफ्तार

Ads

दिल्ली पुलिस ने छह करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन जब्त की, तस्कर गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - February 25, 2026 / 06:41 PM IST,
    Updated On - February 25, 2026 / 06:41 PM IST

नयी दिल्ली, 25 फरवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने करीब छह करोड़ रुपये मूल्य की एक किलोग्राम से अधिक हेरोइन जब्त की है और इस सिलसिले में 23-वर्षीय एक संदिग्ध मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ऐसे परिवार से ताल्लुक रखता है जो यमुनापार इलाके में मादक पदार्थों के व्यापार में कथित तौर पर निरंतर शामिल रहा है। पुलिस ने बताया कि उसकी मां स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत कई मामलों में शामिल रही है और वर्तमान में उसे दिल्ली से तड़ीपार किया गया है।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी के पिता पर भी पहले एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था और उसका बड़ा भाई वर्तमान में इसी तरह के एक मामले में न्यायिक हिरासत में है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान दिलशाद गार्डन निवासी इमरान उर्फ शेर खान के रूप में हुई है। आरोपी को 20 फरवरी को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि अपराह्न करीब 3:50 बजे दिलशाद गार्डन इलाके में पुलिस की एक इकाई ने स्कूटर सवार एक व्यक्ति को देखा। वह व्यक्ति कथित तौर पर पुलिसकर्मियों को देखकर घबरा गया और भागने की कोशिश करने लगा, जिसके बाद पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान स्कूटर के हैंडल से लटकी प्लास्टिक की एक भारी थैली बरामद की गई, जिसमें भूरे रंग (282 ग्राम) और क्रीम रंग (740 ग्राम) के पाउडर के दो पैकेट मिले। ‘फील्ड टेस्टिंग किट’ के जरिये जांच किए जाने पर उक्त पदार्थ के हेरोइन होने की पुष्टि हुई।

पुलिस ने बताया कि कुल 1.022 किलोग्राम की हेरोइन बरामद हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि प्रतिबंधित पदार्थ और आरोपी का स्कूटर जब्त कर एनडीपीएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने यह हेरोइन दिल्ली के रघुवीर नगर के एक आपूर्तिकर्ता से प्राप्त की थी और वह इसे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक प्राप्तकर्ता को देने जा रहा था।

पुलिस ने कहा कि गाजियाबाद की स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर उस व्यक्ति (या स्रोत) को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं जिसने यह भेजा है, और साथ ही उस व्यक्ति को भी गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है जिसे यह सुपुर्द किया जाना था।

पुलिस ने आरोपी के पास से पांच ग्राम की सोने की चेन और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

भाषा प्रचेता सुरेश

सुरेश