जुइज डी फोरा (ब्राजील), 25 फरवरी (एपी) दक्षिण-पूर्व ब्राजील के मिनास गेरैस राज्य में आई भयंकर बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 40 हो गयी है, जबकि दर्जनों लोग लापता हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मृतकों के परिजन बुधवार को शव दफनाने में जुट गये।
सभी प्रभावित लोग जुइज डी फोरा और उबा शहरों से थे जो रियो डी जेनेरियो से लगभग 310 किलोमीटर उत्तर में स्थित हैं।
मिनास गेरैस के अग्निशमन विभाग के अनुसार, बुधवार सुबह तक लगभग 30 लोग लापता थे और 3,000 से अधिक निवासियों को अपने घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा।
मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों में इस इलाके में और बारिश होने की आशंका है।
विभाग द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में जुइज डी फोरा और उबा में सड़कों पर पानी भरा हुआ देखा गया।
अधिकारियों ने लोगों को उन इलाकों से दूर रहने की चेतावनी दी है जहां भूस्खलन का खतरा हो सकता है।
ब्राजील की एक एजेंसी के अनुसार, जुइज डी फोरा की आबादी लगभग 5,60,000 है, जबकि पड़ोसी उबा में 1,07,000 के करीब लोग रहते हैं।
ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डा सिल्वा ने कहा कि सुरक्षा बल बचाव कार्य कर रहे हैं और बारिश से प्रभावित लोगों को तुरंत मदद दी जा रही है।
एपी सुरेश शोभना
शोभना