नयी दिल्ली, 21 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान 20 जुलाई को पैलेट गन के छर्रे लगने से एक युवक के घायल होने के संबंध में दिल्ली पुलिस प्राथमिकी दर्ज करेगी। एक आधिकारिक सूत्र ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
यह कदम कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा 19 वर्षीय साहिल लोचब के छर्रे लगने से घायल होने के संबंध में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर संसद मार्ग थाने में धरना देने के बाद उठाया गया है। लोचब कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेतृत्व वाले विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर छर्रे लगने से जख्मी हो गए थे।
सूत्र ने कहा, ‘हम मामले में प्राथमिकी दर्ज करेंगे।’
लोचब के साथ गांधी सबसे पहले मंदिर मार्ग थाने गए और प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।
उनकी मांग नहीं माने जाने पर वह संसद मार्ग थाने गए और नई दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सचिन शर्मा से मुलाकात की, जिसके बाद वह धरने पर बैठ गए।
भाषा नोमान दिलीप
दिलीप