दिल्ली पुलिस छेड़छाड़ रोधी ‘शिष्टाचार’ दस्तों को मजबूत करेगी, संवेदनशील इलाकों में सादे कपड़ों में होगी तैनाती
दिल्ली पुलिस छेड़छाड़ रोधी ‘शिष्टाचार’ दस्तों को मजबूत करेगी, संवेदनशील इलाकों में सादे कपड़ों में होगी तैनाती
नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं से छेड़छाड़, उत्पीड़न और अन्य अपराधों की रोकथाम के लिए छेड़छाड़ रोधी ‘शिष्टाचार दस्तों’ को मजबूत करने का फैसला किया है और जिला पुलिस इकाइयों को संवेदनशील स्थानों पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को तैनात करने के लिए कहा है।
पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि एसपीयूडब्ल्यूएसी के विशेष पुलिस आयुक्त विवेक किशोर की अध्यक्षता में पुलिस मुख्यालय में जिला पुलिस उपायुक्तों (डीसीपी) के साथ ‘शिष्टाचार’ दस्तों के कामकाज की समीक्षा के लिए बैठक हुई।
पुलिस मुख्यालय से जारी बयान के मुताबिक, बैठक में जिला स्तर पर ‘शिष्टाचार’ दस्तों को मजबूत करने और संवेदनशील तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों में उनकी प्रभावी मौजूदगी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि सभी जिलों के डीसीपी को अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों की नियमित पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं।
बयान के मुताबिक, जिलों को संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त और निवारक अभियान चलाने तथा व्यापक क्षेत्र में निगरानी के लिए तैनाती में बदलाव करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसमें कहा गया है कि अपराधियों की प्रभावी पहचान और उन्हें रोकने के लिए जरूरत के अनुसार सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया जाएगा।
बैठक में सार्वजनिक परिवहन और सामुदायिक भागीदारी पर भी विशेष जोर दिया गया। दस्तों को सार्वजनिक परिवहन में औचक जांच करने, चालकों, परिचालकों और यात्रियों से बातचीत कर नियमित रूप से परेशानी पैदा करने वाले लोगों की पहचान करने तथा किसी घटना की सूचना देने के लिए उन्हें प्रोत्साहित करने को कहा गया है।
बैठक में कहा गया कि ‘शिष्टाचार’ दस्तों के लिए चुने जाने वाले कर्मी संवेदनशील व सहानुभूतिपूर्ण होने चाहिए।
भाषा नोमान दिलीप
दिलीप

Facebook


