नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (भाषा) दिल्ली-एनसीआर में बृहस्पतिवार को तेज आंधी चली तथा ओलावृष्टि एवं बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।
भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ घंटों में मौसम के और ऐसे तीव्र रूप की आशंका जताते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया।
शहर में जगह-जगह आसमान में काले बादल छा गये, 70 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं तथा गरज के साथ बौछारें पड़ीं।
आईएमडी के अनुसार, दिलशाद गार्डन, सीमापुरी, सीलमपुर, शाहदरा, विवेक विहार, प्रीत विहार और नोएडा के आसपास के इलाकों समेत छिटपुट स्थानों पर ओलावृष्टि और गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। उसने कहा कि 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
आईएमडी ने बताया कि अगले कुछ घंटों के दौरान सिविल लाइंस, कश्मीरी गेट, लाल किला, राजीव चौक, आईटीओ, इंडिया गेट, अक्षरधाम, नेहरू स्टेडियम, लाजपत नगर, कालकाजी, तुगलकाबाद और इग्नू जैसे कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की एवं मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं और बिजली गिरने से यातायात और बाहरी गतिविधियों में बाधा आ सकती है, जिसके चलते ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है, जिसका अर्थ है ‘तैयार रहें’।
अचानक बारिश होने और तेज हवाएं चलने कारण शहर के कई हिस्सों में तापमान में बहुत गिरावट आई, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली।
भाषा राजकुमार मनीषा
मनीषा