दिल्ली में लगभग 14 वर्ष में मई में सबसे गर्म रात दर्ज की गई, लू के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी

Ads

दिल्ली में लगभग 14 वर्ष में मई में सबसे गर्म रात दर्ज की गई, लू के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी

  •  
  • Publish Date - May 25, 2026 / 10:51 AM IST,
    Updated On - May 25, 2026 / 10:51 AM IST

नयी दिल्ली, 25 मई (भाषा) दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य तापमान से 5.7 डिग्री अधिक है और लगभग 14 वर्षों में मई महीने की सबसे गर्म रात दर्ज की गई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, इस महीने में न्यूनतम तापमान मई के महीने में इससे पूर्व आखिरी बार 26 मई, 2012 को न्यूनतम तापमान इससे अधिक 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में मई महीने की शुरुआत में भी इसी तरह की स्थिति देखी गई थी, जब इस साल 21 मई को न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस था।

आईएमडी के अनुसार, पालम में न्यूनतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक है, लोदी रोड में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक है। वहीं, रिज में यह 30.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक है और आयानगर में यह 32 डिग्री सेल्सियस बना रहा जो सामान्य से 5.3 डिग्री अधिक है।

आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘सफदरजंग, लोदी रोड और आयानगर में गर्म रात की स्थिति दर्ज की गई है।’’

आईएमडी के अनुसार, गर्म रात तब घोषित की जाती है जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहता है और न्यूनतम तापमान में सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस से लेकर 6.4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होती है।

आईएमडी ने सोमवार को लू चलने की आशंका जताते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है जिसके कारण अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

दिल्ली में रविवार शाम को हल्की धूल भरी आंधी भी आई जिससे वायु गुणवत्ता में गिरावट आई। सोमवार सुबह नौ बजे दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 206 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शून्य से 50 के बीच का एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘अत्यंत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

भाषा सुरभि रंजन

रंजन