नयी दिल्ली, 21 मई (भाषा) दिल्ली में बुधवार और बृहस्पतिवार की दरमियानी रात को लगभग 14 वर्षों में मई की सबसे गर्म रात के रूप में दर्ज किया गया तथा शहर के कुछ हिस्सों में लगातार चौथे दिन भी लू की स्थिति बनी रही।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शहर के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.2 डिग्री अधिक और पिछले दिन की तुलना में 3.6 डिग्री अधिक 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, शहर के कुछ हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहा।
आईएमडी ने बताया कि इससे अधिक न्यूनतम तापमान आखिरी बार 26 मई, 2012 को था, जब न्यूनतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था।
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए शहर में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है तथा न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। साथ ही लू चलने का पूर्वानुमान जताया गया है।
एक अधिकारी ने कहा कि अगले एक सप्ताह तक लू की स्थिति जारी रहने की आशंका है और उन्होंने निवासियों से सतर्क रहने का आग्रह किया।
भाषा
शुभम गोला
गोला