दिल्ली : त्रिलोकपुरी में पुरानी रंजिश के चलते किशोर को चाकू मारा, तीन नाबालिग पकड़े गए
दिल्ली : त्रिलोकपुरी में पुरानी रंजिश के चलते किशोर को चाकू मारा, तीन नाबालिग पकड़े गए
नयी दिल्ली, 24 सितंबर (भाषा) पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके में पुरानी रंजिश के चलते 17 वर्षीय एक किशोर को चार नाबालिगों ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर जख्मी कर दिया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 9:30 बजे त्रिलोकपुरी के ब्लॉक 30 में चाकूबाजी के संबंध में पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को सूचना दी गई थीं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को पता चला कि 17 वर्षीय पीड़ित को लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां से उसे आगे के इलाज के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर स्थानांतरित कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, पीड़ित की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पीड़ित और हमलावर नाबालिगों में से एक के बीच पुरानी रंजिश थी और करीब 15 दिन पहले पीड़ित और उसके साथियों ने एक नाबालिग आरोपी की कथित तौर पर की पिटाई की थी।
उनके मुताबिक, उसी का बदला लेने के लिए उस नाबालिग ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर पीड़ित को रोका और उस पर हमला कर दिया।
अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में मयूर विहार थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है और घटना में शामिल चार नाबालिगों में से तीन को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि चौथे नाबालिग को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो चाकू भी बरामद किए गए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान मनीषा
मनीषा

Facebook


