दिल्ली: बुजुर्ग के घर लूट के मामले में पूर्व घरेलू सहायिका और उसके बेटे समेत तीन गिरफ्तार

Ads

दिल्ली: बुजुर्ग के घर लूट के मामले में पूर्व घरेलू सहायिका और उसके बेटे समेत तीन गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 21, 2026 / 08:35 PM IST,
    Updated On - August 21, 2026 / 08:35 PM IST

नयी दिल्ली, 21 अगस्त (भाषा) उत्तरी दिल्ली के रूप नगर में 74 वर्षीय वृद्ध के घर में हुई लूट के सिलसिले में एक महिला व उसके बेटे समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस को संदेह है कि पहले पीड़ित के घर में घरेलू सहायिका के रूप में काम कर चुकी महिला ने कथित तौर पर अपने बेटे और उसके सहयोगियों को परिवार की संपत्ति के बारे में जानकारी दी थी।

उत्तर दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) निहारिका भट्ट ने बताया कि पुलिस की टीमों ने 13 दिन तक उत्तर प्रदेश के कई जिलों में खोज अभियान चलाया और 500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला।

उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान सरोज (54), उसके बेटे मनोज उर्फ लाला (28) और राजीव उर्फ रामू (25) के रूप में हुई है। उनके पास से चोरी के 2.08 लाख रुपये, 250 पाउंड और 160 अमरीकी डॉलर बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, यह वारदात सात अगस्त को तड़के करीब तीन बजे हुई।

शिकायतकर्ता ने बताया कि वह शौच के लिए उठे थे, लेकिन नल में में पानी नहीं आ रहा था।

अधिकारी ने कहा, ‘जब उन्होंने पानी की मोटर चलाने के लिए मुख्य कांच का दरवाजा खोला, तो चार सशस्त्र पुरुष घर में घुस आए और उन्हें तथा उनकी पत्नी को बंधक बना लिया।’

आरोपियों ने कथित तौर पर घर का सामान बिखेर दिया और 10 लाख रुपये नकद, सोने व चांदी के गहने लेकर फरार हो गए। वे घर के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज डीवीआर (डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर) भी ले गए।

इस संबंध में रूप नगर थाने में मामला दर्ज किया गया और आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीम गठित की गईं।

अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया और पाया कि संदिग्ध दो मोटरसाइकिलों और एक स्कूटर पर सवार होकर भागे थे। उनके संभावित रास्ते का पता लगाते हुए टीम दिल्ली के बसई दारापुर पहुंची, जहां उसने एक कमरे की पहचान की जहां आरोपी ठहरे थे।

तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी से तीन संदिग्धों — राम खिलाड़ी, दीपक और भीम उर्फ चीता की पहचान हुई, जो सभी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं।

पुलिस ने कहा कि राम खिलाड़ी पर लूट, हत्या और चोरी के पांच मामले दर्ज थे, जबकि दीपक उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हत्या के साथ लूट और हत्या के प्रयास के 15 मामलों में शामिल रहा है।

अधिकारी ने कहा, ‘आरोपियों का पीछा करते हुए टीमों ने मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी और अलीगढ़ में छापेमारी की।’

अधिकारी के मुताबिक, नौ अगस्त को तड़के पुलिस टीम ने मथुरा में माधवन टोल प्लाजा के पास राम खिलाड़ी को रोका तो उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी, जिस पर पुलिसकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई की। हालांकि, आरोपी अंधेरे और भारी यातायात का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।

इस संबंध में मथुरा के फराह थाने में राम खिलाड़ी के खिलाफ अलग मामला दर्ज किया गया था।

डीसीपी ने बताया कि साथ ही, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में दिखे स्कूटर के रजिस्ट्रेशन विवरण का विश्लेषण किया। वाहन से जुड़ा एक मोबाइल नंबर राम खिलाड़ी के संपर्क में पाया गया। आगे के विश्लेषण से पता चला कि पंजीकृत मालिक का नंबर सरोज के भी संपर्क में था, जो शिकायतकर्ता के घर पर पहले घरेलू सहायिका रह चुकी थी।

अधिकारी ने कहा, ‘सरोज को 20 अगस्त को पकड़ा गया और उसने खुलासा किया कि उसने शिकायतकर्ता की संपत्ति, परिवार और कीमती सामान के बारे में विवरण अपने बेटे मनोज के साथ साझा किया था।’

पुलिस ने बताया कि सरोज ने शिकायतकर्ता के आवास पर लगभग 15 वर्षों तक काम किया था, लेकिन लगभग तीन साल पहले 50,000 रुपये चुराते पकड़े जाने के बाद उसे काम से हटा दिया गया था।

भट्ट ने कहा कि मनोज और उसके सहयोगी राजीव ने बाद में लूट को अंजाम देने के लिए नवरतन और उसके रिश्तेदारों राम खिलाड़ी, दीपक व भीम को साथ मिलाया।

मनोज को डर था कि शिकायतकर्ता उसे पहचान सकता है, इसलिए वह बसई दारापुर में ही रुका रहा, जबकि अन्य लोगों ने लूट को अंजाम दिया।

अधिकारी ने कहा, ‘लूट के बाद आरोपी बसई दारापुर लौट आए और नकदी आपस में बांट ली जिसके बाद राम खिलाड़ी, भीम और दीपक मथुरा रवाना हो गए। मनोज और राजीव को 20 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया गया और बरामद नकदी उनके कब्जे में पाई गई।’

उन्होंने कहा कि अपराध में कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया स्कूटर भी उनसे बरामद कर लिया गया है।

पुलिस ने कहा कि शेष आरोपियों को गिरफ्तार करने तथा चोरी की गई नकदी और गहने बरामद करने के लिए आगे की जांच जारी है।

भाषा नोमान नोमान संतोष

संतोष