दिल्ली : पॉश माल रोड इलाके में तीन करोड़ की चोरी के मामले में दो घरेलू सहायक समेत तीन पकड़े गए
दिल्ली : पॉश माल रोड इलाके में तीन करोड़ की चोरी के मामले में दो घरेलू सहायक समेत तीन पकड़े गए
नयी दिल्ली, 17 सितंबर (भाषा) उत्तर दिल्ली के पॉश मॉल रोड स्थित एक कारोबारी के मकान से करीब तीन करोड़ रुपये मूल्य के सोने-हीरे के गहने और नकदी चोरी होने के मामले में पुलिस ने दो घरेलू सहायकों समेत तीन लोगों को पकड़ा है।
चोरी हुआ सारा माल बरामद करने का दावा करते हुए पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि चुराए गए सोने और हीरे के 117 आभूषण तथा 4.34 लाख रुपये नकद बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि गहनों को बिहार स्थित आरोपी के ससुर के घर में जमीन से करीब पांच फुट नीचे गड़ाकर छिपाया गया था, जबकि नकदी भूसे के बोरों में छिपाकर रखी गई थी।
उत्तर दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) निहारिका भट्ट ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिहार के सुपौल निवासी अनिल कामत (22), देव चंद्र साह (49)और झारखंड में गिरिडीह के रहने वाले 17 वर्षीय किशोर के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी अनिल कामत को सुपौल के प्रतापगंज से, उसके ससुर देव चंद्र साह को बिहार के सूखा नगर से और किशोर को गिरिडीह से पकड़ा गया।
पुलिस ने बताया कि अनिल कामत पूर्व में भी शालीमार बाग थाने में दर्ज करीब 1.25 करोड़ रुपये की चोरी के मामले में शामिल रहा है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चोरी की रकम से नेपाल जाकर रेस्तरां या कैफे खोलने और ऐशो-आराम की जिंदगी जीने की योजना बना रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, छह सितंबर को मॉल रोड स्थित अपार्टमेंट में चोरी की सूचना मिली थी। शिकायतकर्ता अंशुल गुप्ता ने बताया कि उनके बड़े भाई अनुज गुप्ता दो सितंबर को परिवार सहित विदेश गए थे। इस बीच जब अंशुल घर पहुंचे तो अलमारियों के ताले टूटे मिले और गहने व नकदी गायब थी। उन्होंने कहा कि घर में पिछले महीने काम पर रखे गए दो घरेलू सहायक अनिल और एक अन्य घटना के बाद से गायब थे।
इस संबंध में तिमारपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस टीमों ने दिल्ली, बिहार और झारखंड में 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी निगरानी की।
उनके बताया कि कॉल डिटेल रिकॉर्ड और तकनीकी सुरागों से पुलिस को आरोपियों के बिहार और झारखंड से जुड़े होने की जानकारी मिली।
उन्होंने बताया कि पुलिस की टीमों को बिहार और झारखंड भेजा गया तथा 10 सितंबर को झारखंड के गिरिडीह से किशोर को हिरासत में लिया गया। इसके बाद सुपौल में अनिल के ससुर देव चंद्र साह के घर पर छापेमारी कर जमीन खोदकर गहने तथा भूसे से नकदी बरामद की गई।
डीसीपी ने बताया कि बाद में 16 सितंबर को मुख्य आरोपी अनिल कामत को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि देव चंद्र साह को चोरी का माल रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
भाषा नोमान मनीषा
मनीषा

Facebook


