दिल्ली यातायात पुलिस और एमसीडी अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाएंगे

Ads

दिल्ली यातायात पुलिस और एमसीडी अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाएंगे

  •  
  • Publish Date - June 8, 2026 / 09:13 PM IST,
    Updated On - June 8, 2026 / 09:13 PM IST

नयी दिल्ली, आठ जून (भाषा) दिल्ली यातायात पुलिस और एमसीडी ने सड़कों पर अनधिकृत पार्किंग और अतिक्रमण से निपटने के लिए एक समन्वित कार्य योजना लागू करने का निर्णय लिया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

दिल्ली यातायात पुलिस ने एक बयान में कहा कि यह निर्णय संयुक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) संजय त्यागी की अध्यक्षता में हुई एक ऑनलाइन समन्वय बैठक के दौरान लिया गया। इस बैठक में दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के क्षेत्रीय उपायुक्त, यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, सहायक पुलिस आयुक्त और यातायात निरीक्षक शामिल हुए।

अधिकारी ने बताया कि आने वाले हफ्तों में दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में समन्वित अभियान शुरू होने की उम्मीद है।

बयान के अनुसार, अनधिकृत पार्किंग और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जा राष्ट्रीय राजधानी में यातायात जाम, सड़क सुरक्षा संबंधी चिंताओं और वाहनों और पैदल यात्रियों की सुचारू आवाजाही में बाधा डालने वाले प्रमुख कारकों में शामिल हैं।

बयान में कहा गया है, ‘सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि सभी संबंधित विभाग और अन्य इकाइयां अतिक्रमण की पहचान करने और उन्हें हटाने तथा अनधिकृत पार्किंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए निकट समन्वय में काम करेंगी।’

इस कार्य योजना में यातायात पुलिस और एमसीडी अधिकारियों द्वारा नियमित संयुक्त निरीक्षण, प्रवर्तन अभियानों को तेज करना, अंतर-विभागीय समन्वय में सुधार और संवेदनशील स्थानों की निरंतर निगरानी शामिल होगी।

भाषा

नोमान दिलीप

दिलीप