दिल्ली विश्वविद्यालय के एसओएल में कुछ छात्रों की राष्ट्रीयता बदले जाने का मामला सामने आया
दिल्ली विश्वविद्यालय के एसओएल में कुछ छात्रों की राष्ट्रीयता बदले जाने का मामला सामने आया
नयी दिल्ली, 21 सितंबर (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय के ‘स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग’ (एसओएल) में कुछ छात्रों की आधिकारिक शैक्षणिक प्रोफाइल में उनकी राष्ट्रीयता कथित तौर पर बदलकर नेपाल दर्ज किए जाने का मामला सामने आया है। कुछ छात्रों ने विश्वविद्यालय के रिकॉर्ड में इस तरह की त्रुटि का आरोप लगाया है।
प्रभावित छात्रों के समर्थन में क्रांतिकारी युवा संगठन (केवाईएस) ने सोमवार को विश्वविद्यालय के कुलपति को ज्ञापन सौंपकर रिकॉर्ड में तत्काल सुधार करने और कथित लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
छात्र संगठन ने कहा कि एसओएल के कई छात्रों की प्रोफाइल में उनकी वास्तविक राष्ट्रीयता के बजाय नेपाल दर्ज है।
केवाईएस के मुताबिक, राष्ट्रीयता जैसी संवेदनशील पहचान संबंधी जानकारी गलत दर्ज होने से छात्रों को परेशानी और शर्मिंदगी का सामना करना पड़ सकता है तथा उन्हें शैक्षणिक एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं में भी दिक्कतें आ सकती हैं।
हालांकि, विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इस संबंध में तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
केवाईएस ने सभी संबंधित डेटाबेस में रिकॉर्ड दुरुस्त करने और यह सुनिश्चित करने की मांग की कि छात्रों को बार-बार सत्यापन या किसी अन्य प्रतिकूल स्थिति का सामना न करना पड़े।
छात्र संगठन ने इन त्रुटियों के लिए जिम्मेदार लोगों का पता लगाने के लिए जांच कराए जाने की मांग भी रखी।
केवाईएस ने एसओएल से लिखित माफी मांगने के साथ छात्रों की व्यक्तिगत और पहचान संबंधी जानकारी को सही तरीके से दर्ज करने के लिए एक सत्यापन व्यवस्था बनाने की मांग भी की।
भाषा
राखी प्रेम
प्रेम

Facebook


