नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को कहा कि स्कूली बच्चों में ‘‘राष्ट्र देवो भव’’ की भावना पैदा किया जाना चाहिए ताकि वे इसे उच्च शिक्षा में आगे लेकर जा सकें और विकसित भारत के निर्माण में योगदान दे सकें।
दिल्ली विश्वविद्यालय के शहीद भगत सिंह कॉलेज के हीरक जयंती समारोह के सिंहावलोकन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गुप्ता ने कहा कि देशभक्ति का अर्थ समझने वाले लोग ही देश को आगे ले जा सकते हैं और यह ‘‘विकसित भारत’’ के दृष्टिकोण में योगदान देगा।
राष्ट्रीय राजधानी में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के बारे में गुप्ता ने कहा, ‘‘हमें अवसर विकसित करने होंगे ताकि छात्रों को देश के भीतर अच्छी शिक्षा मिल सके और दिल्ली इसका केंद्र बन सके। हम दिल्ली को शिक्षा के एक केंद्र के रूप में विकसित करने पर विचार कर रहे हैं।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि 60 वर्षों से यह कॉलेज गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और ‘राष्ट्र प्रथम’ के संस्कारों के साथ राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘इस गौरवशाली यात्रा के लिए पूरे कॉलेज परिवार, प्राचार्य, शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और पूर्व छात्रों को हार्दिक बधाई।’’
इस कार्यक्रम में दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति योगेश सिंह, कॉलेज के डीन बलराम पाणि, कुलसचिव विकास गुप्ता और शहीद भगत सिंह कॉलेज के प्राचार्य अरुण कुमार अत्री उपस्थित थे।
स्वतंत्रता सेनानी शहीद भगत सिंह का जिक्र करते हुए कुलपति ने कहा, ‘‘इतिहास उन्हें याद रखता है जो केवल अपने लिए नहीं बल्कि देश के लिए भविष्य का निर्माण करते हैं।’’
उन्होंने कहा कि भगत सिंह के आदर्श कॉलेज की ताकत बने रहेंगे। सिंह ने छात्रों से समाज में योगदान देने का आग्रह करते हुए कहा कि वे रोजगार देने वाले बनें।
भाषा नोमान नोमान सुरभि
सुरभि