दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’, धीमी हवा की गति से प्रदूषकों का फैलाव कम

दिल्ली की वायु गुणवत्ता 'बेहद खराब', धीमी हवा की गति से प्रदूषकों का फैलाव कम

दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’, धीमी हवा की गति से प्रदूषकों का फैलाव कम
Modified Date: November 2, 2025 / 11:49 am IST
Published Date: November 2, 2025 11:49 am IST

नयी दिल्ली, दो नवंबर (भाषा) हवा की धीमी गति के कारण प्रदूषकों का फैलाव कम होने के बीच दिल्ली की वायु गुणवत्ता रविवार को ‘बेहद खराब’ रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने यह जानकारी दी।

सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह 386 रहा, जो शनिवार के एक्यूआई 303 से काफी अधिक है।

दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली (एक्यूईडब्ल्यूएस) के अनुसार, शनिवार शाम और रात के दौरान उत्तर-पश्चिम दिशा से हवा की गति आठ किलोमीटर प्रति घंटे से कम हो गई, जिससे प्रदूषकों का फैलाव कम हो गया।

इसके अनुसार, 6,000 वर्ग मीटर/सेकंड से कम ‘वेंटिलेशन इंडेक्स’ (वायु संचार सूचकांक) और 10 किलोमीटर प्रति घंटे से कम हवा की औसत गति को प्रदूषकों के फैलाव के लिए प्रतिकूल माना जाता है।

एक्यूईडब्ल्यूएस के अनुसार, वायु गुणवत्ता के चार नवंबर तक ‘बेहद खराब’ श्रेणी में रहने की संभावना है।

दिल्ली में 17 निगरानी केंद्रों ने 400 से ऊपर के एएक्यूआई के साथ ‘‘गंभीर श्रेणी’’ की वायु गुणवत्ता दर्ज की। वजीरपुर में सबसे अधिक 439 एक्यूआई दर्ज किया गया।

सीपीसीबी के समीर ऐप के अनुसार, 20 अन्य केंद्रों ने 300 से ऊपर के एक्यूआई के साथ ‘बेहद खराब’ वायु गुणवत्ता दर्ज की।

एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 1.5 डिग्री अधिक है।

सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता 79 प्रतिशत दर्ज की गई।

आईएमडी ने दिन में आसमान साफ ​​रहने और रात में हल्का कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

भाषा सिम्मी सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में