खेल परिसरों में शराब पर रोक लगाने की राज्यसभा में उठी मांग

Ads

खेल परिसरों में शराब पर रोक लगाने की राज्यसभा में उठी मांग

  •  
  • Publish Date - February 11, 2026 / 09:37 PM IST,
    Updated On - February 11, 2026 / 09:37 PM IST

नयी दिल्ली, 11 फरवरी (भाषा) राज्यसभा में बुधवार को आम आदमी पार्टी (आप) सदस्य संजय सिंह ने खेल परिसरों, स्टेडियम और गोल्फ कोर्स में शराब परोसे जाने एवं उसकी बिक्री पर रोक लगाने की मांग की तथा कहा कि इस संबंध में एक राष्ट्रीय नीति बनायी जानी चाहिए।

आप सदस्य सिंह ने विशेष उल्लेख के जरिये यह मुद्दा उठाया और कहा कि खेल परिसर में अक्सर युवा, महिलाएं एवं वरिष्ठ नागरिक भी जाते हैं। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिष्ठानों की स्थापना स्वास्थ्य, अनुशासन को बढ़ावा देने तथा खेल भावना के विकास के लिए किया जाता है, लेकिन खेल परिसरों में शराब परोसे जाने एवं उसकी बिक्री से यह उद्देश्य पूरा नहीं होता।

सिंह ने कहा कि खेल परिसरों में शराब परोसे जाने एवं उसकी बिक्री से वहां का माहौल भी खराब होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे उदाहरण भी हैं जब खेल परिसर में शराब का लाइसेंस रद्द कर दिया गया, फिर भी अवैध रूप से शराब की बिक्री होती रही। उन्होंने कहा कि सरकार को विभिन्न खेल परिसरों में शराब पर रोक के लिए एक राष्ट्रीय नीति बनानी चाहिए।

विशेष उल्लेख के जरिये ही भाजपा की दर्शना सिंह ने चंदौली जनपद में पशु चिकित्सा महाविद्यालय की स्थापना किए जाने की मांग की

तृणमूल कांग्रेस की डोला सेन ने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उपक्रम (एमएसएमई) से जुड़ा मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह क्षेत्र संकट का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र बड़ी संख्या में महिलाओं को रोजगार देता है।

तृणमूल सदस्य सेन ने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र की स्थिति में सुधार के लिए केंद्र को उन राज्यों के मॉडल को अपनाना चाहिए, जिन्होंने इस क्षेत्र में अच्छा काम किया है।

भाजपा के तेजवीर सिंह ने आवारा पशुओं से फसलों को होने वाले नुकसान का मुद्दा उठाया, वहीं अन्नाद्रमुक सदस्य आई. एस. इनबादुरै ने तमिलनाडु के मछुआरों को श्रीलंका की नौसेना द्वारा गिरफ्तार किए जाने और उनकी नौकाएं जब्त किए जाने का मुद्दा उठाया।

वाईएसआरसीपी सदस्य एस निरंजन रेड्डी, भाजपा के दिनेश शर्मा, रेखा शर्मा और किरण चौधरी ने भी विशेष उल्लेख के जरिये लोक महत्व के अपने-अपने मुद्दे उठाए।

भाषा अविनाश सुरेश

सुरेश