अवैध निर्माण रोकने के लिए राज्यसभा में उठी कठोर कानून बनाने की मांग

Ads

अवैध निर्माण रोकने के लिए राज्यसभा में उठी कठोर कानून बनाने की मांग

  •  
  • Publish Date - March 25, 2026 / 01:01 PM IST,
    Updated On - March 25, 2026 / 01:01 PM IST

नयी दिल्ली, 25 मार्च (भाषा) अवैध निर्माण को देश में एक बड़ी गंभीर और व्यापक समस्या बताते हुए भारतीय जनता पार्टी के रामभाई मोकारिया ने कहा कि इसे रोकने के लिए कठोर कदम उठाए जाने चाहिए।

शून्यकाल में यह मुद्दा उठाते हुए मोकारिया ने कहा ‘‘अवैध निर्माण हमारे देश में एक गंभीर और व्यापक समस्या बन चुका है। यह शहरी नियोजन की विफलता है और कानून के पालन में कमी भी बताता है।’’

मोकारिया ने कहा कि देश का कोई हिस्सा अवैध निर्माण से अछूता नहीं बचा। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण एक दिन में नहीं होता और जब होता है तब कहीं न कहीं मिलीभगत होती है जिससे यह होता है।

निर्माण के बाद की तोड़फोड़ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जब अवैध निर्माण होता है, तभी उसे तोड़ दिया जाए तो यह सिलसिला टूटना चाहिए। ‘‘यह केवल एक बार नहीं होता, बल्कि किसी न किसी रूप में जारी रहता है। और जब इसे गिराया जाए तो हंगामा होता है। ’’

उन्होंने कहा कि खामियों को दूर कर हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि दोबारा अवैध निर्माण न हो। इसके साथ ही घूसखोरी पर लगाम लगाई जा सकती है।

उन्होंने कहा कि जब अवैध निर्माण होता है तब सवाल उठता है कि अधिकारी कहां थे और नियमों का उल्लंघन कैसे हुआ। ‘‘किसी भी परिस्थिति में इसकी अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।’’

मोकारिया ने कहा कि स्थानीय अधिकारियों को इसे रोकने में नाकामी के लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण राष्ट्रीय संपत्ति का भी नुकसान है जिसे रोकने के लिए जवाबदेही तय करना और ठोस कदम उठाना जरूरी है।

भाषा मनीषा माधव

माधव

शीर्ष 5 समाचार