केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पूरी तरह उचित : केरल के मंत्री रोजी जॉन

केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पूरी तरह उचित : केरल के मंत्री रोजी जॉन

केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पूरी तरह उचित : केरल के मंत्री रोजी जॉन
Modified Date: July 24, 2026 / 12:30 pm IST
Published Date: July 24, 2026 12:30 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 24 जुलाई (भाषा) केरल के उच्च शिक्षा मंत्री रोजी एम. जॉन ने शुक्रवार को कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग ‘‘पूरी तरह उचित’’ है।

जॉन ने यहां संवाददाताओं से कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित विभिन्न परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने के मामलों के लिए केंद्र सरकार को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं के लिए केंद्र सरकार और संबंधित मंत्रालय जिम्मेदार हैं। यही कारण है कि मंत्री के इस्तीफे और पूरे मामले की व्यापक जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन किए जा रहे हैं।’’

उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में प्रश्नपत्र लीक की कई घटनाओं के संबंध में विभिन्न मामले दर्ज किए गए, लेकिन अब तक किसी भी मामले में दोषियों को सजा नहीं मिली है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के गठन के बाद देश में प्रश्नपत्र लीक की घटनाएं और छात्रों की आत्महत्याओं के मामले बार-बार सामने आए हैं।

जॉन ने कहा, ‘‘इन सबके बावजूद केंद्र सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। इतना ही नहीं, उसका रुख प्रश्नपत्र लीक के पीछे सक्रिय आपराधिक गिरोहों के लिए अनुकूल साबित हो रहा है। इसी के विरोध में देशभर में व्यापक आंदोलन चल रहा है।’’

उन्होंने कहा कि इस आंदोलन को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और उसके नेताओं का पूरा समर्थन प्राप्त है तथा छात्रों को न्याय मिलने तक यह आंदोलन जारी रहेगा।

राष्ट्रीय पात्रता एवं प्रवेश परीक्षा (नीट) सहित राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित विभिन्न परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर हजारों छात्र, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के कार्यकर्ता और विपक्षी दलों के नेता दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे हैं।

भाषा मनीषा सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में