(फाइल फोटो के साथ)
चंडीगढ़, 17 अप्रैल (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़े परिसरों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी के बाद केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि ‘‘केवल गैर-भाजपा सरकारों को परेशान करके लोकतंत्र की हत्या की जा रही है’’।
केंद्र पर ईडी और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जैसी एजेंसियों को हथियार के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए मान ने दावा किया कि छापेमारी दर्शाती है कि भाजपा ने अगले साल होने वाले पंजाब चुनाव के लिए अपनी ‘‘तैयारियां’’ शुरू कर दी हैं।
अरोड़ा ने ईडी द्वारा उनके और कुछ अन्य लोगों के परिसरों की तलाशी लिए जाने के बाद कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में वह एजेंसियों के साथ सहयोग करेंगे।
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘सुप्रभात। प्रवर्तन निदेशालय ने मेरे परिसर में कार्रवाई की। एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में, मैं एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करूंगा और मुझे विश्वास है कि सच्चाई की जीत होगी।’’
कुछ दिन पहले ईडी ने पंजाब और हरियाणा में आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य अशोक कुमार मित्तल के परिसरों तथा उनके शैक्षणिक संस्थानों की फेमा मामले के तहत तलाशी ली थी।
हाल में राघव चड्ढा की जगह मित्तल को राज्यसभा में आप का उपनेता नियुक्त किया गया है। मित्तल फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति भी हैं।
ईडी की छापेमारी को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि तीन दिन में यह दूसरी बार है जब एजेंसी ने आप नेताओं के परिसरों पर छापेमारी की है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “क्या प्रधानमंत्री हमें बताएंगे कि आम आदमी पार्टी के नेताओं के आवासों पर अब तक की गई अनगिनत छापेमारी में कितना काला धन बरामद हुआ है? एक रुपया भी नहीं?’’
केजरीवाल ने लिखा, “पूरा देश आपकी उस ओछी राजनीति को देख रहा है जो आप सिर्फ सत्ता के लिए कर रहे हैं।”
मान ने यहां प्रेसवार्ता में कहा, “कुछ दिन पहले ईडी ने मित्तल के परिसर पर छापेमारी की थी। आज संजीव अरोड़ा के परिसर पर छापेमारी की जा रही है। वह हमारे बिजली, स्थानीय निकाय और उद्योग मंत्री हैं, तथा आज वह भी दागी हो गए।”
उन्होंने यह भी दावा किया कि ईडी को भेजना, आयकर नोटिस भेजना और धमकियों का इस्तेमाल करना इस बात का संकेत है कि भाजपा ने अगले साल होने वाले पंजाब चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है, जिसके लिए “वह 117 सीट पर उम्मीदवार उतारने में असमर्थ है”।
मुख्यमंत्री ने कहा, “भाजपा सोच रही है कि ईडी भेजकर उन्हें डरा दिया जाए ताकि वे (आप के नेता) या तो चुनाव न लड़ें या भाजपा में शामिल होकर उसकी वाशिंग मशीन में धुल जाएं।’’
उन्होंने आरोप लगाया, “लोकतंत्र की हत्या की जा रही है, जिसकी हम कड़ी निंदा करते हैं। केवल गैर-भाजपा सरकारों को ही परेशान किया जा रहा है।”
केंद्र सरकार द्वारा केंद्रीय एजेंसियों के ‘‘दुरुपयोग’’ को भाजपा सरकार का ‘‘कायरतापूर्ण कृत्य’’ बताते हुए मान ने कहा, ‘‘हम डरने वाले नहीं हैं। वे चाहे ईडी, सीबीआई या जो भी उनके पास हो, भेज दें। हम लड़ते रहेंगे और सच्चाई के साथ खड़े रहेंगे… अंततः न्याय की जीत होगी।’’
मान ने कहा कि मुगलों ने भी भारत पर लंबे समय तक शासन किया, लेकिन उनका शासन भी एक दिन समाप्त हो गया।
उन्होंने कहा, “पंजाब में भाजपा को सिर्फ एक या दो सीट मिलती हैं। इस संख्या को बढ़ाने के लिए अब वह ईडी का सहारा ले रही है।’’
मान ने कहा कि भाजपा के पास कोई कार्यकर्ता या नेता नहीं हैं, इसलिए वह कांग्रेस, अकाली दल और अन्य दलों से नेताओं को अपने पाले में कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा में शामिल हुए सुनील जाखड़, अमरिंदर सिंह, मनप्रीत सिंह बादल और अन्य नेता कांग्रेस से गए थे। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा ने पंजाब में कांग्रेस की एक शाखा स्थापित कर दी है।’’
भाषा राजकुमार नेत्रपाल
नेत्रपाल