कोलकाता, 18 जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिला प्रशासन ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद अभिषेक बनर्जी के अमतला स्थित पार्टी कार्यालय को शनिवार को ढहाने की कार्रवाई शुरू कर दी। प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह इमारत स्वीकृत भवन योजना के बिना और लागू नियमों के उल्लंघन में निर्मित पाई गई थी।
उन्होंने बताया कि भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जेसीबी मशीनों की मदद से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। स्थल के आसपास पुलिस और केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है।
एहतियात के तौर पर अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग के कर्मी भी मौके पर मौजूद हैं।
ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू होने के बाद वहां मौजूद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जश्न मनाया तथा अपनी पार्टी के समर्थन में नारे लगाए।
अभिषेक बनर्जी डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के सांसद हैं और अमतला इसी संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है।
अमतला से भाजपा विधायक अग्निश्वर नस्कर ने आरोप लगाया कि अभिषेक बनर्जी का पार्टी कार्यालय भवन निर्माण नियमों का उल्लंघन कर बनाया गया था और उन्होंने जिला प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत किया।
नस्कर ने कहा, ‘‘यह ढांचा अवैध रूप से बनाया गया था और प्रशासन ने अंततः कानून के अनुसार कार्रवाई की है।’’
वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कार्यालय के निर्माण में सभी नियमों का उल्लंघन किए जाने संबंधी शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि शिकायतों के आधार पर शुरू की गई वैधानिक प्रक्रिया के तहत संबंधित व्यक्तियों को 15 जुलाई को नोटिस जारी कर सुनवाई में मौजूद होने के लिए कहा गया था।
दक्षिण 24 परगना जिला प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘प्रशासन ने कानून के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई शुरू की है। कथित अनधिकृत निर्माण की शिकायतें मिलने के बाद नोटिस जारी किए गए थे और मामला फिलहाल विचाराधीन है। सुनवाई पूरी होने और संबंधित कानूनी प्रावधानों के अनुरूप ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।’’
शनिवार सुबह से अमतला स्थित पार्टी कार्यालय के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई। परिसर के चारों ओर अवरोधक लगाए गए और पुलिस तथा नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया।
अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने यह सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं कि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से और कानून के अनुरूप पूरी हो। ध्वस्तीकरण का कार्य पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया और सुनवाई के परिणाम के आधार पर किया जा रहा है।’’
जिला प्रशासन की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, जिस भूमि पर पार्टी कार्यालय बना है, वह कथित तौर पर ‘लीप्स एंड बाउंड्स’ नामक कंपनी के नाम पर खरीदी गई थी।
अधिकारियों ने बताया कि नोटिस में भूमि के स्वामित्व से संबंधित दस्तावेजों और निर्माण से जुड़े अन्य अभिलेखों पर भी स्पष्टीकरण मांगा गया था।
प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि संबंधित व्यक्तियों को जारी किए गए दो नोटिसों का कोई जवाब नहीं मिलने के बाद अधिकारियों ने आगे की कार्रवाई करने का फैसला किया।
भाषा रविकांत दिलीप
दिलीप