बलात्कारी बाबा गुरमीत राम रहीम पर दुष्कर्म का आरोप सिद्ध हो जाने से उनके गुंडे भक्त गुस्से में हैं और उन्होंने जमकर हिंसा की। लोगों की हत्या करने के साथ उन्होंने ट्रेन, बस, स्टेशन, सरकारी दफ्तर और मीडिया के ओबी वैन को आग के हवाले कर दिया। हरियाणा समेत पंजाब, दिल्ली, यूपी और राजस्थान तक पहुंची हिंसा में अब तक 30 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं सैकड़ों घायल हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और यूनियन होम सेक्रेट्री के साथ हालात की समीक्षा की। वहीं गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने आज एक हाईलेवल मीटिंग बुलाई है।
तोड़फोड़. आगजनी. पथराव. का खुलेआम खूनी खेल खेलने वाले ये लोग उस बलात्कारी बाबा के गुंडे हैं. जिन्हें तमाम सबूतों और बयान के बाद CBI की विशेष अदालत का डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को बलात्कारी करार दिए जाने पर ऐतराज है। हरियाणा के पंचकूला में शुक्रवार की दोपहर तीन बजे फैसला सुनाए जाने के बाद हिंसा शुरू हो गई। कुछ ही घंटों में ये हिंसा हरियाणा के बाकी शहरों समेत पंजाब, दिल्ली, यूपी और राजस्थान तक पहुंच गई।
जिसमें मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है और सैकड़ों अस्पताल पहुंच रहे हैं। सैकड़ों गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया। गुस्साई भीड़ ने मीडिया का ओबी वैन जला डाला। पंजाब के मलोट और बल्लूआन स्टेशन को आग लगाया गया। वहीं पंचकूला, सिरसा के सरकारी दफ्तरों के साथ दो पेट्रोल पंप फूंक दिए गए। हरियाणा में सिरसा समेत कई जगहों पर आगजनी और तोड़फोड़ की गई।
हिंसा भड़कने के बाद पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने कहा है कि हिंसा से हुए नुकसान की भरपाई डेरा सच्चा सौदा की संपत्ति से की जाएगी। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और यूनियन होम सेक्रेट्री राजीव महर्षि के साथ हालात की समीक्षा की। राजनाथ सिंह ने हाईलेवल मीटिंग बुलाई है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, हरियाणा के CM मनोहर लाल खट्टर ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। IBC24 भी अपने दर्शकों से ये अपील करता है कि वे किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।
इधर, भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने बलात्कारी बाबा के समर्थन में अजीबोगरीब बयान दे डाला। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने आरोपी राम रहीम को बाबा और उनके गुंडों को भक्त बताया। यौन शोषण मामले में CBI की विशेष अदालत ने अभी सिर्फ राम रहीम को दोषी करार दिया है। उसे सजा 28 अगस्त को सुनाई जाएगी और माना जा रहा है कि कम से कम सात साल या फिर उम्र कैद की सजा भी हो सकती है। हिंसा के बाद सिरसा, पंचकूला समेत पंजाब के संगरूर, मोगा और में कर्फ्यू लगा दिया गया। दोनों राज्यों की सीमाएं सील कर दी गई हैं। वहीं दिल्ली में मेट्रो स्टेशन में सुरक्षा बढ़ाई गई है। यूपी के 5 और दिल्ली के 11 जिलों में धारा 144 लगाई गई है।