डेरेक ओ ब्रायन ने प. बंगाल में अघोषित आपातकाल लगाये जाने का आरोप लगाया

Ads

डेरेक ओ ब्रायन ने प. बंगाल में अघोषित आपातकाल लगाये जाने का आरोप लगाया

  •  
  • Publish Date - March 24, 2026 / 10:31 PM IST,
    Updated On - March 24, 2026 / 10:31 PM IST

नयी दिल्ली, 24 मार्च (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ’ब्रायन ने पश्चिम बंगाल में निर्वाचन आयोग द्वारा की गई कार्रवाई पर चिंता व्यक्त करते हुए मंगलवार को आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में ‘अघोषित आपातकाल’ लगाया जा रहा है।

उन्होंने एक ब्लॉग पोस्ट में संविधान के अनुच्छेद 356 का हवाला दिया, जो केंद्र को किसी राज्य के शासन का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की अनुमति देता है। उन्होंने कहा कि बंगाल में हाल के घटनाक्रम राज्य प्रशासन को दरकिनार करने के अप्रत्यक्ष प्रयास जैसे हैं।

तृणमूल नेता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आलोचना करते हुए भारत में आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक संस्थानों की रक्षा करने के संबंध में उनके द्वारा पहले दिये बयानों को याद किया और कहा कि उनके बयान वर्तमान स्थिति के अनुरूप नहीं हैं।

पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को चुनाव होंगे। परिणाम चार मई को घोषित किए जाएंगे।

ओ’ब्रायन ने चुनाव तिथियों की घोषणा के बाद मुख्य सचिव, गृह सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) समेत वरिष्ठ राज्य अधिकारियों के तबादलों पर चिंता जताई और आरोप लगाया कि ये तबादले निर्वाचन आयोग द्वारा राज्य सरकार से परामर्श किए बिना एकतरफा रूप से किए गए।

उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जैसे विपक्षी नेताओं ने भी पश्चिम बंगाल में अधिकारियों के तबादले और केंद्रीय एजेंसियों की भूमिका की आलोचना की है।

भाषा

राजकुमार अमित

अमित