Jyotiraditya Scindia Latest News। Photo Credit: IBC24 Archive
नई दिल्ली। Jyotiraditya Scindia Latest News: मोबाइल रिचार्ज प्लान की वैधता को लेकर उठता रहा सवाल अब संसद में गूंजा है। “मंथली प्लान” के नाम पर दिए जा रहे 28 दिन की वैलिडिटी वाले पैक को लेकर यूजर्स की परेशानी को सांसदों ने मुद्दा बनाया है। संसद में इस विषय को उठाते हुए राघव चड्ढा ने कहा कि 28 दिन की वैधता के चलते उपभोक्ताओं को साल में एक अतिरिक्त रिचार्ज करना पड़ता है। उनका तर्क था कि जहां महीने 30 दिन का होता है, वहीं कंपनियां 28 दिन का प्लान देकर उपभोक्ताओं से अप्रत्यक्ष रूप से ज्यादा पैसे वसूल रही हैं।
Jyotiraditya Scindia Latest News: इस पर जवाब देते हुए दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने स्पष्ट किया कि सरकार इस समस्या से अवगत है और कंपनियों को 30 दिन की वैलिडिटी वाले प्लान को बढ़ावा देने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) पहले ही निर्देश जारी कर चुका है, जिसके तहत हर टेलीकॉम कंपनी को अपने प्रीपेड प्लान में कम से कम एक 30 दिन का विकल्प देना जरूरी है।
दरअसल, 28 दिन का प्लान हर महीने कुछ दिन कम पड़ जाता है। ऐसे में पूरे साल सेवा बनाए रखने के लिए उपभोक्ता को 12 के बजाय 13 बार रिचार्ज करना पड़ता है। यही वजह है कि यह व्यवस्था कंपनियों के लिए फायदेमंद, लेकिन ग्राहकों के लिए महंगी साबित होती है। अब निगाह इस बात पर है कि कंपनियां 30 दिन वाले प्लान को कितनी प्राथमिकता देती हैं और क्या इससे यूजर्स को वास्तव में राहत मिल पाती है।