पंजाब के पुलिस महानिदेशक ने कानून-व्यवस्था से संबंधित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की

Ads

पंजाब के पुलिस महानिदेशक ने कानून-व्यवस्था से संबंधित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की

  •  
  • Publish Date - September 29, 2025 / 07:56 PM IST,
    Updated On - September 29, 2025 / 07:56 PM IST

चंडीगढ़, 29 सितंबर (भाषा) पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोमवार को शीर्ष पुलिस अधिकारियों के साथ एक व्यापक कानून-व्यवस्था बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें उन्होंने आतंकवाद निरोधक रणनीतियों और संगठित अपराध नेटवर्क को ध्वस्त करने की समीक्षा की।

बैठक में एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी), काउंटर इंटेलिजेंस के एडीजीपी, राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ अमृतसर के एआईजी, अमृतसर के पुलिस आयुक्त, बॉर्डर रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक और संबंधित जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शामिल हुए।

यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज अमृतसर में अमृतसर देहात पुलिस, बटाला पुलिस, गुरदासपुर पुलिस, पठानकोट पुलिस और तरनतारन पुलिस सहित कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर और बॉर्डर रेंज के अधिकारियों के साथ एक व्यापक कानून-व्यवस्था समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।’’

उन्होंने कहा, ‘आतंकवाद निरोधक रणनीतियों, संगठित अपराध नेटवर्क को खत्म करने और पूरे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के समक्ष उत्पन्न चुनौतियों की समीक्षा की गई। आगामी त्योहारी सीजन 2025 से पहले सक्रिय पुलिसिंग और खुफिया समन्वय पर विशेष जोर दिया गया।’’

प्रदेश पुलिस प्रमुख ने बताया कि अधिकारियों ने परिचालन तैयारियों, संयुक्त कार्य योजनाओं और सामुदायिक सहभागिता उपायों पर नवीनतम जानकारी साझा की।

शीर्ष पुलिस अधिकारी ने कहा कि उन्होंने सभी क्षेत्रीय इकाइयों को उच्च स्तर की सतर्कता बनाए रखने, पुलिसिंग को तेज़ करने और नागरिकों को सुरक्षित और संरक्षित त्यौहारी माहौल प्रदान करने के लिए निर्बाध समन्वय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

भाषा रंजन नरेश

नरेश