‘डायल’ ने भ्रामक सामग्री फैलाने वाले 63 सोशल मीडिया खातों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई

‘डायल’ ने भ्रामक सामग्री फैलाने वाले 63 सोशल मीडिया खातों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई

‘डायल’ ने भ्रामक सामग्री फैलाने वाले 63 सोशल मीडिया खातों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई
Modified Date: September 9, 2026 / 12:21 pm IST
Published Date: September 9, 2026 12:21 pm IST

नयी दिल्ली, नौ सितंबर (भाषा) दिल्ली हवाईअड्डे का संचालन करने वाली कंपनी डायल ने बुधवार को कहा कि उसने पिछले सप्ताह हवाईअड्डे पर जलभराव को लेकर भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वाले 63 सोशल मीडिया खातों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) ने बताया कि चार सितंबर 2026 को भारी बारिश के बाद हवाईअड्डे के टर्मिनल-3 के आगमन क्षेत्र में कुछ समय के लिए पानी जमा हो गया था।

कंपनी ने कहा कि उसने हवाईअड्डे पर बाढ़ और जलभराव दिखाने वाली भ्रामक और तथ्यात्मक रूप से गलत पोस्ट प्रसारित करने तथा हवाईअड्डे के परिचालन में बाधा आने का झूठा दावा करने वाले 63 सोशल मीडिया खातों के खिलाफ दिल्ली पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

डायल ने एक बयान में कहा, ‘‘…इनमें से एक पोस्ट में दुबई हवाईअड्डे पर जलभराव का एक पुराना वीडियो दिल्ली हवाईअड्डे का वीडियो बताकर प्रसारित किया गया।’’

डायल ने कहा कि भारी बारिश के बाद टर्मिनल-3 के आगमन क्षेत्र में कुछ समय के लिए पानी जमा हुआ था, लेकिन हवाईअड्डे का परिचालन प्रभावित नहीं हुआ और स्थिति 20 मिनट के भीतर सामान्य हो गई।

उसने कहा, ‘‘कुछ सोशल मीडिया हैंडल पर जानबूझकर भ्रामक सामग्री प्रसारित की गई, जिसका उद्देश्य लोगों के बीच भ्रम और अनावश्यक अफरातफरी पैदा करना, हवाईअड्डे जैसी सार्वजनिक सेवा की छवि को नुकसान पहुंचाना और यात्रियों के बीच बेवजह चिंता पैदा करना प्रतीत होता है।’’

दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड राष्ट्रीय राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (आईजीआईए) का संचालन करती है। इस हवाईअड्डे पर रोजाना 1,300 से अधिक उड़ानों का आवागमन होता है।

भाषा गोला मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में