जम्मू में पुलिस चौकी पर बेहोश होने के बाद एक व्यक्ति की मौत, परिजनों ने विरोध-प्रदर्शन किया

जम्मू में पुलिस चौकी पर बेहोश होने के बाद एक व्यक्ति की मौत, परिजनों ने विरोध-प्रदर्शन किया

जम्मू में पुलिस चौकी पर बेहोश होने के बाद एक व्यक्ति की मौत, परिजनों ने विरोध-प्रदर्शन किया
Modified Date: September 9, 2026 / 12:29 pm IST
Published Date: September 9, 2026 12:29 pm IST

जम्मू, नौ सितंबर (भाषा) जम्मू के पास आर एस पुरा सेक्टर में एक सीमा पुलिस चौकी पर बुधवार तड़के 32 वर्षीय एक व्यक्ति कथित तौर पर बेहोश हो गया और फिर बाद में उसकी मौत हो गई। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों ने प्रारंभिक जानकारी के हवाले से बताया कि मृतक उत्तम चंद राख गांव का रहने वाला था। उन्होंने बताया कि संपत्ति विवाद को लेकर उत्तम की एक महिला पड़ोसी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद उसे चकरोई पुलिस चौकी बुलाया गया था।

सूत्रों ने बताया कि उत्तम के बेहोश होने के बाद उसे तड़के करीब चार बजे उप-जिला अस्पताल, आर. एस. पुरा ले जाया गया।

उन्होंने बताया कि उत्तम को वहां से जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।

सूत्रों ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखा गया है।

उन्होंने बताया कि उत्तम की मौत के बाद उसके परिजनों और रिश्तेदारों ने प्रदर्शन किया और उसकी मौत की परिस्थितियों को स्पष्ट करने तथा उचित कार्रवाई की मांग की।

सूत्रों ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चकरोई और अस्पताल के शवगृह में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

भाषा प्रचेता मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में