क्या प्रधानमंत्री ने प्रधान की तारीफ करते हुए जान गंवाने वाले बच्चों के बारे में सोचा: राहुल

Ads

क्या प्रधानमंत्री ने प्रधान की तारीफ करते हुए जान गंवाने वाले बच्चों के बारे में सोचा: राहुल

  •  
  • Publish Date - June 26, 2026 / 07:45 PM IST,
    Updated On - June 26, 2026 / 07:45 PM IST

नयी दिल्ली, 26 जून (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनकी प्रशंसा की, तो क्या उन्होंने उन बच्चों के बारे में भी सोचा, जिन्होंने मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट-यूजी का पेपर लीक होने के बाद अपनी जान गंवा दी?

उन्होंने यह भी कहा कि इन बच्चों की जान चली गई, उनके परिवार उजड़ गए और उनका भविष्य एक चरमराई हुई व्यवस्था और जवाबदेही से बचने वाली सरकार की वजह से बर्बाद हो गया।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘इस सूची (जान गंवाने वाले बच्चों की) में दर्ज हर नाम एक ऐसे बच्चे का है, जिसके सपने थे, परिवार था और भविष्य था। लेकिन एक चरमराई हुई व्यवस्था और जवाबदेही लेने से इनकार करने वाली सरकार ने सब कुछ बर्बाद कर दिया। इन छात्रों को याद रखिए, हर एक को!’’

राहुल गांधी ने सवाल किया, ‘‘जब प्रधानमंत्री मोदी ने धर्मेंद्र प्रधान जी के जन्मदिन पर उनकी प्रशंसा की तो क्या उन्होंने इन बच्चों के बारे में एक पल के लिए भी सोचा?’

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा की एक पोस्ट को भी टैग किया।

पवन खेड़ा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया था, ‘‘प्रिय धर्मेंद्र अंकल, जन्मदिन मुबारक! आज आप 57 वर्ष के हो गए हैं। हम तो आपकी उम्र के आधे तक भी नहीं पहुंच पाए।’

खेड़ा ने नीट पेपर लीक के बाद जान गंवाने वाले 14 छात्रों के नामों की सूची भी साझा की थी।

कांग्रेस का दावा है कि इन सभी छात्रों ने कथित नीट-यूजी पेपर लीक के बाद आत्महत्या की थी।

प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के क्रियान्वयन की दिशा में उनके ‘‘सराहनीय प्रयासों’’ की प्रशंसा की।

ओडिशा के संबलपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद धर्मेंद्र प्रधान शुक्रवार को 57 वर्ष के हो गए।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘केंद्रीय मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं! वह राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन की दिशा में सराहनीय प्रयास कर रहे हैं, जिसका उद्देश्य भारत को ज्ञान, शिक्षा और नवाचार का वैश्विक केंद्र बनाना है। मैं उनके दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।’’

भाषा हक

हक नरेश

नरेश