एकेटीयू ने स्टार्टअप के लिए डिजिटल मंच ‘इनोवेशन हब’ शुरू किया

Ads

एकेटीयू ने स्टार्टअप के लिए डिजिटल मंच ‘इनोवेशन हब’ शुरू किया

  •  
  • Publish Date - September 20, 2026 / 08:44 PM IST,
    Updated On - September 20, 2026 / 08:44 PM IST

लखनऊ, 20 सितंबर (भाषा) लखनऊ स्थित ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) ने स्टार्टअप के लिए एक डिजिटल मंच ‘इनोवेशन हब’ शुरू किया है, जो पूरे उत्तर प्रदेश में निवेशकों और इनक्यूबेटरों को उद्यमियों से जोड़ने में मदद करेगा।

विश्वविद्यालय ने रविवार को बयान में कहा कि इस मंच का उद्देश्य स्टार्टअप, इनक्यूबेटर, निवेशक, मार्गदर्शक और अन्य संबंधित पक्षों को एक साझा पारिस्थितिकी तंत्र से जोड़ना है।

एकेटीयू के हाल में संपन्न प्रमुख कार्यक्रम ‘यूपी स्टार्टअप संवाद 3.0’ में इसकी शुरुआत के बाद से अब तक 35 इनक्यूबेटर इस मंच से जुड़ चुके हैं।

विश्वविद्यालय ने कहा कि उसके सहयोग से इनक्यूबेटरों की संख्या बढ़ाकर 70 करने में मदद मिलेगी।

नोएडा की कंपनी सांची कनेक्ट द्वारा विकसित इस डिजिटल मंच की शुरुआत हाल में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की मौजूदगी में की गई।

उत्तर प्रदेश देश का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप परिवेश है और अब राज्य के ज्यादातर जिलों में स्टार्टअप सक्रिय हैं।

एकेटीयू के इनोवेशन हब के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) महीप सिंह ने कहा, ”उत्तर प्रदेश में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस जरूरत इस बात की है कि स्टार्टअप, निवेशक और बाजार एक-दूसरे से जुड़ सकें।”

उन्होंने कहा कि इस मंच के जरिये राज्य के स्टार्टअप के लिए निवेश और बाजार तक पहुंच का एक सही माध्यम बनाने का उद्देश्य है।

सांची कनेक्ट के सह-संस्थापक एवं सीईओ सुनील के. शेखावत ने कहा, ‘‘यह मंच गोरखपुर, वाराणसी, आगरा, झांसी और अन्य शहरों के स्टार्टअप को मुख्यधारा में लाएगा।’’

भाषा सलीम शोभना योगेश

योगेश