मतभेदों का समाधान बल प्रयोग से नहीं, बल्कि संवाद से होना चाहिए: उखरुल हिंसा पर मणिपुर के सांसद
मतभेदों का समाधान बल प्रयोग से नहीं, बल्कि संवाद से होना चाहिए: उखरुल हिंसा पर मणिपुर के सांसद
इंफाल, 10 फरवरी (भाषा) कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजाम ने मंगलवार को मणिपुर के उखरुल जिले में हुई झड़पों को ‘बेहद दुर्भाग्यपूर्ण’ बताया और कहा कि समुदायों के बीच मतभेदों को बातचीत के माध्यम से सुलझाया जाना चाहिए, न कि बल प्रयोग से।
अकोइजम ने इंफाल हवाई अड्डे पर पत्रकारों से कहा कि सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि इस तरह की हिंसा न हो और इसमें शामिल लोगों को जवाबदेह ठहराया जाए।
उन्होंने कहा, ‘यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। समझदारी से काम लेना होगा। इस तरह की हिंसा की जांच होनी चाहिए और समुदायों या व्यक्तियों के बीच किसी भी मतभेद को बातचीत के माध्यम से सुलझाया जाना चाहिए, न कि बल प्रयोग से।’
उन्होंने उखरुल की सड़कों पर लोगों के हथियारों के साथ घूमने की खबरों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा, ‘निर्दोष लोगों की जान और संपत्ति को खतरा पहुंचाया जा रहा है। ऐसे आपराधिक कृत्यों में शामिल लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाना चाहिए।’
इस बीच, एक अधिकारी ने बताया कि उखरुल के लिटान सारेइखोंग में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर हैं।
उन्होंने कहा, ‘सुबह से आगजनी या गोलीबारी की कियी घटना की जानकारी नहीं है और सुरक्षा बल स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं।’
भाषा
शुभम अविनाश
अविनाश

Facebook


