नयी दिल्ली, 31 जनवरी (भाषा) भगवान बुद्ध के पवित्र देवनी मोरी अवशेष पहली बार अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी के तहत श्रीलंका में प्रदर्शित किए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार, यह प्रदर्शनी कोलंबो में चार से 11 फरवरी तक आयोजित की जाएगी।
ये पवित्र अवशेष गुजरात के देवनीमोरी क्षेत्र से उत्खनन के दौरान प्राप्त हुए थे और वर्तमान में वडोदरा स्थित महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय के संरक्षण में हैं।
श्रीलंका स्थित भारतीय उच्चायोग ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर आगामी प्रदर्शनी की जानकारी साझा की।
पोस्ट में कहा गया, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की घोषणा के अनुरूप, भगवान बुद्ध के पवित्र देवनी मोरी अवशेष पहली बार अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी के लिए श्रीलंका ले आए जा रहे हैं।”
अधिकारियों के अनुसार, यह प्रदर्शनी भारत और श्रीलंका के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और बौद्ध विरासत से जुड़े संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
भाषा
राखी पारुल
पारुल