ठाणे, एक फरवरी (भाषा) नवी मुंबई के 75 वर्षीय कारोबारी से शेयर बाजार में निवेश के जरिए भारी मुनाफे का वादा करके कथित तौर पर 1.08 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
कारोबारी नवी मुंबई के वाशी इलाके का निवासी है, उसने पिछले महीने ‘फेसबुक’ पर एक विज्ञापन देखा था जिसमें शेयर बाजार में निवेश पर आकर्षक मुनाफे का वादा किया गया था। व्यक्ति ने उस लिंक पर क्लिक किया था।
साइबर पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसके बाद उसे एक व्हाट्सऐप ग्रुप से जोड़ा गया। पांच दिसंबर 2025 से इस साल छह जनवरी के बीच कारोबारी के विभिन्न खातों से 18 अलग-अलग बार रकम हस्तांतरित की गई और इस तरह उसने 1.08 करोड़ रुपये जमा किए।
कारोबारी का भरोसा जीतने के लिए धोखेबाजों ने शुरू में उसके ‘‘मुनाफे’’ को चार करोड़ रुपये से अधिक दिखाया।
अधिकारी ने बताया कि जब कारोबारी ने अपने पैसे निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने करों और आईपीओ सदस्यता शुल्क के बहाने और भुगतान की मांग कीं।
इसके बाद व्यक्ति ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई।
नवी मुंबई साइबर पुलिस ने 29 जनवरी को दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत धोखाधड़ी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की।
भाषा सुरभि शोभना
शोभना