झारखंड में सरकारी इमारत में चिकित्सक मृत पाए गए

Ads

झारखंड में सरकारी इमारत में चिकित्सक मृत पाए गए

  •  
  • Publish Date - July 11, 2026 / 04:13 PM IST,
    Updated On - July 11, 2026 / 04:13 PM IST

दुमका (झारखंड), 11 जुलाई (भाषा) झारखंड के दुमका जिले में शनिवार को 48 वर्षीय एक चिकित्सक सरकारी भवन के एक कमरे में मृत पाए गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, चिकित्सक अपने तीन दोस्तों के साथ शुक्रवार रात मसानजोर बांध के निकट सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवन में ठहरे थे। अगले दिन उनका पश्चिम बंगाल स्थित तारापीठ जाने का कार्यक्रम था।

मसानजोर थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया, ‘‘सुबह उनके दोस्तों ने उन्हें जगाने की कोशिश की लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।’’

मृतक की पहचान शशि दिनकर मिंज के रूप में हुई है, जो हजारीबाग सदर अस्पताल में चिकित्सक थे।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय चिकित्सक को बुलाकर जांच कराई गई।

कुमार ने बताया कि स्थानीय चिकित्सक ने मिंज को मृत घोषित कर दिया। इसके बावजूद मिंज की मौत की पुष्टि के लिए उन्हें फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया।

उन्होंने बताया कि चिकित्सक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके दोस्तों के अनुसार, मिंज उच्च रक्तचाप और मधुमेह से पीड़ित थे।

अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के पीछे के कारण का पता चल सकेगा।

भाषा

राखी रंजन

रंजन